नई दिल्ली की शाहदरा थाना पुलिस ने नशीला पेय पदार्थ पिलाकर ई-रिक्शा चुराने वाले गैंग के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 9 ई-रिक्शा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के लोनी निवासी आदिल व सलमान, भजनपुरा निवासी अमित और मिंटो रोड निवासी रहीसुद्दीन के रूप में हुई।
जिला पुलिस उपायुक्त अमित शर्मा ने बताया कि 19 सितंबर को मंडोली की रहने वाली नीतू ने शाहदरा थाने में अपने पति के गायब होने की शिकायत दी थी। उसने बताया कि 18 सितंबर को उसके पति कुंदन घर से ई-रिक्शा लेकर निकले थे, लेकिन घर नहीं लौटे। तलाश करने के दौरान पता चला कि कुंदन को बेहोशी की हालत में जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके ई-रिक्शा और मोबाइल फोन का पता नहीं चला। पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिये चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।