दिल्ली में सोमवार को कोविड-19 के 1076 मामले दर्ज किए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक रविवार की तुलना में कोरोना के मामलों में करीब 27 फीसदी की कमी आई है। हालांकि सकारात्मकता दर बढ़कर 6.42 प्रतिशत हो गई, लेकिन इस वजह से कोई मौत नहीं हुई है। नए मामलों के साथ दिल्ली में कोरोना के मामलों की संख्या बढ़कर 18 लाख, 85 हजार, 636 हो गई जबकि कोरोना से अब तक 26,175 लोगों की मौत हो चुकी है।
रविवार को दिल्ली में कोविड के 1,485 मामले दर्ज किए गए, लेकिन इससे कोई भी मौत नहीं हुई। सकारात्मकता दर रविवार को 4.89 प्रतिशत थी। शनिवार को 1,520 नए मामले आए थे जबकि एक व्यक्ति की मौत हुई थी। इस दिन सकारात्मकता दर 5.10 प्रतिशत थी।शुक्रवार को कोविड-19 के 1,607 मामले और दो मौतें हुई थी जबकि सकारात्मकता दर 5.28 प्रतिशत दर्ज की गई। राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को 1,490 मामले आए जबकि दो मौतें हुई और सकारात्मकता दर 4.62 प्रतिशत थी। स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक रविवार को दिल्ली में कुल 16,753 कोविड टेस्ट किए गए हैं।