गौतमबुद्धनगर और बुलंदशहर क्षेत्र में होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए सबसे पहले सपा ने अपना प्रत्याशी नरेंद्र भाटी को उतार दिया है लेकिन कांग्रेस और बसपा की तरफ से फिलहाल कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। हालांकि भाजपा प्रत्याशी उतारे जाने की तैयारी कर रही है। ऐसा हुआ तो सीधा मुकाबला सपा और भाजपा केबीच ही होगा। दोनों जिले को मिलकर करीब 2600 प्रतिनिधि 3 मार्च को होने वाले चुनाव में वोट डाल सकेंगे।
मालूम हो कि दो दिन पहले ही सपा ने अपना प्रत्याशी घोषित होते ही चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है। किसी दूसरे दल का प्रत्याशी फिलहाल मैदान में नहीं है। सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस पार्टी ज्यादा रुचि नहीं ले रही है। संभावना तलाशी जा रही है कि किसी दूसरे दल के साथ तालमेल करके संयुक्त रूप से प्रत्याशी उतारा जाए। बसपा ऐसे चुनावों में ज्यादा ध्यान नहीं देती है।
गौतमबुद्धनर में जिला पंचायत सदस्यों का फिलहाल अस्तित्व नहीं है। ग्राम प्रधान का भी कार्यकाल समाप्त हो चुका है। बिसरख, दादरी, दनकौर और जेवर ब्लाक के चुने हुए प्रतिनिधियों का कार्यकाल 18 मार्च तक है, लिहाजा ब्लाक प्रमुख से लेकर बीडीसी सदस्य वोट डाल सकेंगे।
इसी तरह से दादरी, बिलासपुर, रबूपुरा और जेवर की नगरपालिका के प्रतिनिधि भी वोट डालेंगे। ब्लाक और नगर पालिका चुने हुए प्रतिनिधियों की संख्या जिले में करीब 500 है।
बुलंदशहर में जिला पंचायत के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। वहां पर कुल वोटरों की संख्या करीब 2314 है। इनमें कुछ ग्राम प्रधान अभी शपथ नहीं ले सके हैं। लिहाजा 2100 केकरीब ही प्रतिनिधि ही वोट डालकर विधान परिषद चुनाव में मतदान कर सकेंगे।
दोनों जिले के विधायक और सांसद भी इसमें मतदान करेंगे। कोई जनप्रतिधि क्षेत्र में किसी भी मतदान स्थल पर वोट डाल सकता है, इसके लिए उसे निर्वाचन विभाग को पहले सूचना देनी होगी।