दिल्ली में यमुना बुधवार को 207.55 मीटर तक बढ़ गई। जिसने 1978 में बनाए गए 207.49 मीटर के अपने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। ये मीटिंग दिल्ली सचिवालय में होगी। बैठक में में सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
दिल्ली के जिन इलाकों में यमुना का जलस्तर बढ़ गया है, वहां एहतियात के तौर पर धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके साथ ही अब प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण हजारों लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। दिल्ली सरकार अलर्ट मोड पर काम कर रही है।
1978 की बाढ़ ने तोड़ दिया था रिकॉर्ड
1978 में दिल्ली में यमुना की बाढ़ ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। इसमें करीब 43 वर्ग किलोमीटर कृषि भूमि जलमग्न होकर बर्बाद हो गई थी। लाखों लोग बेघर हो गए थे। उस समय यमुना के लोहे के पुल पर जलस्तर 207.49 मीटर पहुंच गया था, तब यमुना के किनारों पर पुस्ते नहीं बनाए गए थे। इसके बाद दो बार और यमुना का जलस्तर 207 मीटर के निशान के पार गया है। 2010 (207.11 मीटर) और 2013 (207.32 मीटर) में दिल्ली को बाढ़ का सामना करना पड़ा था। कश्मीरी गेट तक यमुना का पानी पहुंच गया था।