उत्तम नगर इलाके में एक महिला को इटली से कीमती गिफ्ट भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम के जरिए महिला से दोस्ती कर ठगी को अंजाम दिया। पीड़िता की शिकायत पर उत्तम नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाने में दी शिकायत में उत्तम नगर निवासी अनु शर्मा ने बताया कि उसके इंस्टाग्राम पर मार्सेलोजियोवानी नाम के प्रोफाइल से दोस्ती का आग्रह किया गया था। उसके प्रस्ताव को उसने स्वीकार कर लिया। कुछ दिन बाद मार्सेलो ने अपना फोन नंबर दिया और फिर उनके बीच व्हाट्सएप पर मैसेज और कॉल के जरिए बात होने लगी।
एक दिन मार्सेलो ने फोन कर बताया कि उसने अपनी मां और उसके लिए एक गिफ्ट खरीदा है, जिसे वह इटली से पार्सल के मार्फत उसे भेज रहा है।
अगले दिन अनु के मोबाइल पर एक महिला का फोन आया। जिसने बताया कि वह आयात कार्यालय से बोल रही है। उसने बताया कि उनका एक पार्सल आया है।
स्कैन करने पर पता चला है कि पार्सल में सोना है। पार्सल लेने के लिए उन्हें इम्पोर्ट ड्यूटी के तौर पर 2.80 लाख रुपये जमा करवाने होंगे। उसके बाद महिला ने पीड़िता के मोबाइल पर एक बैंक खाता नंबर भेजा और इसमें पैसा जमा करने के लिए कहा। पीड़िता ने किश्तों में 2.30 लाख जमा कर दिए। कुछ दिन बाद फिर से महिला ने मैसेज कर बकाया 50 हजार रुपये जमा करने के लिए कहा और एक बैंक खाता नंबर दिया।