आई लव मनीष सिसोदिया अभियान चलाने पर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क थाने में मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि शराब नीति मामले में भ्रष्टाचार के आरोपी मनीष सिसोदिया के महिमा मंडन के लिए एसएमसी संयोजक व सर्वोदय कन्या विद्यालय की प्रिंसिपल ने संसाधनों का गलत इस्तेमाल किया। दिल्ली पुलिस अब इस मामले में स्कूल की प्रिंसिपल और प्रबंधन समिति से पूछताछ करेगी।
स्कूल के गेट पर बड़े-बड़े पोस्टर लगाकर न सिर्फ स्कूल को गंदा किया, बल्कि आरोपी को बचाने के लिए आपराधिक साजिश रची। इसमें जबरन स्कूली छात्राओं को भी शामिल किया गया। पुलिस के अनुसार, दिवाकर पांडेय ने पुलिस आयुक्त से मामले की शिकायत की। इसके बाद शनिवार को इस संबंध में शास्त्री पार्क थाने में दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट-2007 (सार्वजनिक संपत्ति को गंदा करने या नुकसान पहुंचाने) का मामला दर्ज किया गया है।
पांडेय ने आरोप लगाया है कि सिसोदिया को सीबीआई ने भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया है। वे अभी कस्टडी में हैं। शुक्रवार को शास्त्री पार्क के सर्वोदय कन्या विद्यालय में सिसोदिया के समर्थन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।