दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने दिल्ली की सभी 15 जिला पुलिस को जारी एक परामर्श में सात मार्च की रात इलाके में मुस्तैद रहने और उपद्रवियों पर विशेष निगरानी रखने के लिए कहा गया है। पुलिस को इलाके के धार्मिक नेताओं और स्वयंसेवियों के संपर्क में रहने के लिए कहा गया है।
विशेष शाखा ने सभी जिला पुलिस को अपने इलाके में स्थित मस्जिदों और कब्रिस्तानों के पास पर्याप्त पुलिसकर्मियों और पीसीआर वैन को तैनात रखने के लिए कहा है। स्थानीय पुलिस उपायुक्तों को कार्यक्रम के आयोजकों के संपर्क में रहने के लिए कहा गया है। तमाम पुलिस अधिकारियों को बाइक पर स्टंट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
इसके साथ ही पुलिस ने दिल्ली के संवेदनशील इलाके में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। बाइक से स्टंट करने वाले लोगों को नई दिल्ली क्षेत्र में प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।