शनिवार सुबह से जामा मस्जिद इलाके में शांति बनी हुई है। शांति बनाए रखने के लिए शनिवार को सीआरपी के जवान ने इलाके में फ्लैग मार्च किया। भीम आर्मी के आह्वान पर शुक्रवार को जामा मस्जिद पर सीएए और एनआरसी के विरोध में प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पुलिस को चकमा देकर वहां से गायब हो गया। लेकिन शाम में एक बार फिर चंद्रशेखर जामा मस्जिद में मौजूद अपने समर्थकों के बीच पहुंच गया और नारेबाजी शुरू कर दी। देर रात तक वहां नारेबाजी होती रही।
उधर शाम में दिल्ली गेट पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया और दरियागंज थाने के बाहर खड़ी एक कार में आग लगा दी। पथराव में 13 पुलिसकर्मियों सहित 49 लोग घायल हो गये।
रात करीब साढ़े तीन बजे चंद्रशेखर जामा मस्जिद से बाहर निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दिल्ली गेट पर हुए हिंसा में करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया था। इसके बाद दिल्ली के कई विश्वविद्यालय के छात्रों ने पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन कर लोगों को रिहा करने की मांग करने लगे।
बाद में पुलिस ने हिरासत में लिए गए 16 नाबालिगों को छोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हिंसा में संलिप्ता पाए जाने पर 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।