पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर बिजनेस पार्टनर सतीश (38) और गांव दानपुर, बुलंदशहर हीरालाल (55) व बेटे नीतेश उर्फ नितिन बिल्लू (22) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए 1.41 लाख रुपये और जेवर, तमंचा व अन्य सामान बरामद कर लिया है। लोन की रकम न चुकाने पर सतीश और रोहित में विवाद था। हीरालाल से भी 10 लाख रुपये के लेनदेन का विवाद चल रहा था। इसी बात पर हुए झगड़े उसे नीचे फेंक दिया गया।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने बताया कि मंगलवार को शाहदरा पुलिस को खबर मिली कि बलबीर नगर में रोहित जैन को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि रोहित को परिजन अस्पताल ले गए हैं। यहां पहुंचने पर उसकी मौत का पता चला। परिजनों का बयान लेकर पुलिस ने हत्या, लूटपाट, समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस को पता चला कि रोहित का सतीश के साथ जींस का कारोबार था।
दो अन्य लोगों के नाम भी सामने आए। इसके बाद पुलिस ने सतीश, हीरालाल और नीतेश की तलाश शुरू कर दी। बुधवार को सतीश और पिता-पुत्र गांधी नगर इलाके से दबोच लिया गया। सतीश ने बताया कि उसके खाते पर बैंक की क्रेडिट लिमिट 50 लाख थी। रोहित ने खाते से रुपये लेकर काम में इस्तेमाल कर लिए थे। वह रुपये नहीं लौटा रहा था। दूसरी ओर शर्ट का कारोबार करने वाले हीरा ने बताया कि रोहित ने उसे 10 लाख का लोन दिलाने की बात कहकर रुपये हड़प लिए थे।
20 से 30 रुपये के लिए चाकू से गोदकर हत्या
दूसरी वारदात में 12वीं पास करने के बाद धौलपुर, राजस्थान से बीस दिन पहले पिता के पास दिल्ली घूमने आए राजू की बृहस्पतिवार सुबह चंद रुपयों के लिए चाकू से ताबड़तोड़ वारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में पुलिस को पुता चला है कि राजू की जेब में 20 से 30 रुपये थे। माना जा रहा है कि लूट का विरोध करने पर हमला किया गया है। पुलिस सीसीटीव खंगालकर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अमर काॅलोनी निवासी दौलतराम निजी कंपनी में नौकरी करते हैं।
12वीं पास करने के बाद बेटा राजू उनके पास पहली बार दिल्ली घूमने आया था। सुबह वह 9:30 बजे कालकाजी मंदिर दर्शन करने गया था। कुछ देर बाद वह लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। मामले की पीसीआर कॉल पहले कालकाजी थाने को दी गई। बाद में अमर कॉलोनी थाने को सूचना दी गई। पुलिस को शुरुआती जांच में पता लगा कि कालिंदी कुंज पार्क से गुजरते समय राजू के साथ लूटपाट की गई। उसने विरोध किया तो चाकू से हमला कर दिया गया।