जानकारी के अनुसार, पीड़िता परिवार के साथ दयालपुर इलाके में रहती है। वह पढ़ाई कर रही है। 25 जनवरी की रात को वह घर के पास अपने ताऊ के घर मेहंदी लगाने के लिए जा रही थी। इस बीच गली में खड़े प्रशांत और अमर ने उसके खिलाफ भद्दे कमेंट करना शुरू कर दिए। पीड़िता वापस घर पहुंची और मां को सारी बात बताई। फौरन युवती की मां वहां पहुंची।
उसने दोनों से छेड़छाड़ का विरोध जताई। इस पर आरोपी मां के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। शोर सुनकर पीड़िता का चाचा और ताऊ का लड़का भी वहां आ गए। आरोपियों का तीसरा साथी कृपाल भी वहां पहुंच गया। इन लोगों ने पीड़िता की मां, चाचा और ताऊ के बेटे को बुरी तरह पीटा। ताऊ के बेटे ने पुलिस को खबर दे दी।
आरोपी पीड़ित परिवार को धमकाकर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों का इलाज कराया, लेकिन कोई मामला दर्ज नहीं किया। पीड़िता का आरोप है कि रोजाना परिवार को थाने बुलाकर पुलिस टरकाती रही। मामला वरिष्ठ अधिकारियों की संज्ञान में आया तो बड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने सोमवार को स्त्री की लज्जा का अनादर करने, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।