कोहरे के कारण सोहना- बल्लभगढ़ रोड पर शनिवार सुबह पत्थरों से भरा डंपर पेड़ से टकराने के बाद बुलेरो पर पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि बच्ची समेत तीन सवारियां घायल हो र्गईं।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उधर, हादसे के बाद चालक फरार हो गया। हादसे का कारण डंपर की तेज रफ्तार बनी। पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगाकर ग्रामीणों के सहयोग से पहले रोड़ी व पत्थरों को हटवाया और फिर डंपर को उठवाया। जिसके बाद बुलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
हादसे में एक की मौत हो गई। जिसकी पहचान दीन मोम्हमद (50) निवासी गांव सतलाका के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल तीनों पहचान अब्बास (20), नसीम (21), अरमीना (4) सभी निवासियान गांव सतलाका के रूप में हुई हैं। तीनों घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा हैं।
पैट्रोल पंप की दीवार तोड़ते हुए बुलेरो के ऊपर पलट गया।
कोहरे का कहर
शनिवार सुबह 10 बजे गांव सतलाका के रहने वाले दीन मोहम्मद परिवार के साथ बीमार अरमीना (4) को डॉक्टर को दिखाने के लिए गांव लाला खेड़ली में आया था।
लौटते समय सभी परिजन बुलेरो में सवार होकर सतलाका जाने के लिए गांव लाला खेड़ली के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तो घने कोहरे के बावजूद सोहना की तरफ से रोड़ी, पत्थरों से भरा डंपर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गया और पैट्रोल पंप की दीवार तोड़ते हुए बुलेरो के ऊपर पलट गया।
लोगों की चीख, पुकार सुनते ही राहगीर व ग्रामीण दौड़कर वहां पर इकट्ठा हो गए। सूचना पाकर पुलिस चौकी प्रभारी सबइंस्पेक्टर चंद्रसेन शर्मा, शहर चौकी प्रभारी सबइंस्पेक्टर संतोष कुमार, क्षेत्रीय पुलिस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश शर्मा, सोहना जोन के सहायक पुलिस आयुक्त सुखबीर सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।
निमोठ पुलिस चौकी प्रभारी सबइंस्पेक्टर चंद्रभान ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जबकि सभी घायल फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।