पलवल।
चांदहट थाना क्षेत्र में अलीगढ़ रोड पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई बाल-बाल बच गया। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। जानकारी के अनुसार, प्रकाश विहार निवासी गोपीचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने भाई इन्द्रेंद्र उर्फ गोविंद के साथ 5 अप्रैल की रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी निजी कार्य से अलीगढ़ जा रहा था। बाइक गोविंद चला रहा था और गोपीचंद पीछे बैठा था।
जब वे चौधरी ढाबा से आगे अलीगढ़ रोड पर पहुंचे, तभी एक ट्रॉला चालक ने अचानक तेज रफ्तार में अपना वाहन सड़क के किनारे से मुख्य मार्ग पर चढ़ा दिया। इससे उनकी बाइक ट्राला के कंडक्टर साइड में जा टकराई। हादसे में गोविंद को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गोपीचंद को कोई गंभीर चोट नहीं लगी। शिकायत के अनुसार, ट्रॉला चालक की पहचान सुनील निवासी बिजौली, थाना पाली, जिला अलीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।