- दो बेटे रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं, पुलिस कर रही है मामले की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पीतमपुरा इलाके में 80 वर्षीय बुजुर्ग ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान उमराव सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह मंगोलपुरी थाना पुलिस को सुविधा कुंज स्थित एक घर में बुजुर्ग द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने उमराव सिंह को कमरे में बिस्तर पर मृत अवस्था में पाया, जबकि पास ही लाइसेंसी रिवाल्वर पड़ा हुआ था।
परिजनों ने बताया कि सुबह बहू जब नाश्ता लेकर कमरे में पहुंची, तो उन्होंने बुजुर्ग को कनपटी में गोली लगी अवस्था में पाया। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उमराव सिंह लंबे समय से अस्थमा और नसों से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित थे, जिसके कारण वह मानसिक तनाव में रहते थे। पुलिस को आशंका है कि बीमारी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
मृतक मूल रूप से सुल्तानपुर माजरा गांव के रहने वाले थे और पहले रियल एस्टेट का कारोबार करते थे। वर्तमान में उनके दोनों बेटे इसी व्यवसाय से जुड़े हैं। उनकी पत्नी का वर्ष 2013 में कैंसर के कारण निधन हो चुका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ जारी है।