उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने पजल पार्किंग का शिलान्यास किया। पार्किंग पर करीब 31 करोड़ रुपये लागत आएगी। उपराज्यपाल ने माना कि नई पार्किंग बनने के बाद भीड़भाड़ वाले इस इलाके में जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
नगर निगम पंजाबी बाग क्लब के नजदीक स्वचालित पजल पार्किंग बनाने जा रहा है। 225 वाहनों की इस पार्किंग का निर्माण करीब पांच हजार वर्ग मीटर में होगा। एक साल के भीतर तैयार होने वाली इस पार्किंग पर करीब 31 करोड़ रुपये लागत आएगी। यह बहुमंजिला होगी। 14.5 मीटर ऊंचाई के साथ भूतल के अतिरिक्त पांच मंजिलों पर वाहन खड़े हो सकेंगे।
विज्ञापन
उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने बृहस्पतिवार को पार्किंग का शिलान्यास किया। उपराज्यपाल ने माना कि नई पार्किंग बनने के बाद भीड़भाड़ वाले इस इलाके में जाम की समस्या से राहत मिलेगी। उपराज्यपाल ने इस दौरान कबाड़ से बने एमसीडी के भारत दर्शन पार्क का भी निरीक्षण किया।
ये है सिस्टम
पजल पार्किंग सिस्टम को काफी कम जगह में तैयार किया जाता है। पार्किंग स्टील गर्डर से तैयार की जाती है। ऑटोमैटिक मशीन की मदद से वाहन को पार्क किया जाता है। पार्किंग को आसानी से एक जगह से दूसरी जगह शिफ्ट किया जा सकता है। वजह यह कि स्टील गर्डर को वापस खोलकर आसानी से ढांचे को हटाया जा सकता है।
वाहन चालकों को यह होगी सुविधा
-तीन मिनट में कार को पार्क कर सकेंगे।
-लौटने के दौरान भी वाहन की तलाश में अधिक वक्त नहीं लगेगा।
-लिफ्ट से पार्किंग लॉट तक ले जाने के दौरान इंजन बंद होने से प्रदूषण में भी कमी आएगी।
-225 कारें पार्क की जा सकेंगी।
-पार्किंग का डिजाइन भी सुंदर और आकर्षक होगा।
-लिफ्ट से कार पार्किंग के बाद वापसी के लिए एक पायलट भी तैनात होगा।