दिल्ली के बुधविहार इलाके में बदमाश को पकड़ने गई बेगमपुर थाना पुलिस टीम पर उसके परिवार वालों ने हमला कर दिया। हत्या के प्रयास के आरोपी को भगाने के लिए परिवार वालों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट और हाथापाई की। साथ ही अपने विदेशी नस्ल पिटबुल और ग्रेट डेन के तीन कुत्तों को पुलिसकर्मियों पर छोड़ दिया।
हमले में दो सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस टीम पर हमला करने वाले उसके परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। फरार अन्य की तलाश कर रही है। पुलिस परिवार वालों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, मारपीट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान लालू के रूप में हुई है। लालू पर बेगमपुर थाने में हत्या का प्रयास का एक मामला दर्ज है। इस मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मंगलवार को बेगमपुर थाने की पुलिस टीम बदमाश के मांगेराम पार्क स्थित घर पर आई थी। टीम में सब इंस्पेक्टर अनूप, हवलदार विकास, सिपाही अरुण, किशन, सन्नी और महिला हवलदार मनीषा थी।
पुलिस टीम को आरोपी लालू के घर में मौजूद होने की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम वहां पहुंचने के बाद आरोपी के घर के दरवाजा को खटखटाया। काफी देर तक किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। फिर परिवार के सदस्य छत पर पहुंचकर पुलिस टीम के साथ गाली गलौज करने लगे।