परवेजा और इलियास को कोर्ट ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में हिंसा की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के दिल्ली स्टेट सचिव मो. इलियास ने दिल्ली की सियासत में भी कदम रखने की कोशिश की थी।
इलियास ने फरवरी माह में हुए विधानसभा चुनाव भी लड़ा था, मगर वह अपनी जमानत तक नहीं बचा पाया था। स्पेशल सेल की जांच में यह बात सामने आई है कि दिल्ली में पीएफआई के 2000 से ज्यादा सदस्य हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल सक्रिय पीएफआई सदस्यों की धरपकड़ में लगी है।
स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली स्टेट के पीएफआई सचिव मो.इलियास ने करावल नगर विधानसभा सीट से दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ा था। उसने पीएफआई से जुड़े संगठन एसडीपीआई से पर्चा दाखिल किया था।
मो. इलियास को सिर्फ 169 वोट मिले थे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पीएफआई के कितने सदस्यों ने दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ा था। दिल्ली पुलिस हिंसा में नाम आने से पहले जामिया नगर हिंसा में भी पीएफआई का नाम सामने आ चुका है।
स्पेशल सेल ने सबसे पहले पीएफआई के सक्रिय सदस्य गोकलपुरी निवासी मो. दानिश को गिरफ्तार किया था। मो. दानिश दिल्ली जोन का सदस्य है। पीएफआई ने दिल्ली को दो जोन में बांटा हुआ है। एक जोन पूर्वी दिल्ली व दूसरा जामिया नगर व शाहीनबाग का है।
मो. दानिश ने पूछताछ में बताया है कि वह पीएफआई की विचारधारा को आगे बढ़ा रहा था। पीएफआई के सदस्य उससे जो कहते थे वह वहीं करता था। वह वर्ष 2018 से पीएफआई से जुड़ा हुआ है। पुलिस पीएफआई के पास आने वाले पैसे के स्रोत का पता कर रही है कि खातों में कहां से और कितना पैसा आया था।