फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: तीन से छह घंटे मिल रही बिजली, घर छोड़कर दूसरी जगह जा रहे परिवार; परेशान लोगों ने सुदामापुरी बिजली को घेरा

Tue, 18 Jun 2024 07:09 PM IST
श्याम जी. माई सिटी रिपोर्टर, ग्रेटर नोएडा

सार

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी, तिगरी, हैबतपुर समेत कई गांव के लोगों ने गाजियाबाद स्थित सुदामापुरी बिजली घर का घेराव कर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि 15 दिन से तीन से छह घंटे बिजली मिल रही है। उसमें भी ट्रिपिंग व लो-वोल्टेज रहता है।
 
विज्ञापन
सुदामापुरी बिजली घर का घेराव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी, तिगरी, हैबतपुर समेत कई गांव के लोगों ने सोमवार देर रात गाजियाबाद स्थित सुदामापुरी बिजली घर का घेराव कर जमकर हंगामा किया। भीड़ ने बिजली घर के कर्मचारियों को घेर लिया। किसी तरह पुलिस ने कुछ लोगों के साथ कर्मचारियों को बाहर निकाला और भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आपूर्ति शुरू होने के आश्वासन पर ही लोग अपने घर पहुंचे। आरोप है कि फिर भी बिजली नहीं मिली। मंगलवार को भी दिन में बिजली आपूर्ति बंद रही। लोग बार-बार बिजली घरों के चक्कर काटते रहे, लेकिन वहां अफसर मौजूद नहीं मिले। लोगों ने फिर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

विज्ञापन


ग्रेनो वेस्ट के शाहबेरी, हैबतपुर, तिगरी आदि गांवों में एक लाख से अधिक लोग रह रहे हैं, जो पिछले 15 दिनों से बिजली कटौती से परेशान हैं। सोमवार की रात भी बिजली आपूर्ति बंद रही। काफी इंतजार करने के बाद रात 11:30 बजे के करीब शाहबेरी गांव के लोग गाजियाबाद स्थित सुदामापुरी बिजली घर पर पहुंचे। उनके साथ गौतमबुद्धनगर पुलिसकर्मी भी साथ थे। बिजली घर पर पहले से ही 500 से अधिक लोगों की भीड़ जमा थी, जो ग्रेटर नोएडा के साथ-साथ गाजियाबाद क्षेत्र के थे। 

गुस्साई भीड़ ने बिजली घर घेर लिया और वहां मौजूद कर्मचारियों से लताड़ लगाई और पीटने का प्रयास किया, तभी आक्रोशित भीड़ के बीच से कुछ लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर कर्मचारियों को वहां से निकाला। रात करीब 2:30 बजे तक हंगामा चला। उसके बाद बिजली निगम के अफसरों ने आश्वासन दिया तो लोग शांत होकर घर लौटे। घर आने के कुछ देर बाद बिजली आपूर्ति फिर बंद हो गई। लोगों का आरोप है कि मंगलवार को भी दिन भर बिजली कटौती रही। बिजली आपूर्ति को लेकर लोग कई बार सुदामापुरी व इटैडा बिजली घर पर पहुंचे, लेकिन वहां कोई अफसर या कर्मचारी नहीं मिला। बिजली नहीं होने से निवासियों में रोष है और फिर आंदोलन की चेतावनी दी है।
विज्ञापन


बिजली नहीं तो घर छोड़ने को मजबूर निवासी
घर छोड़ दूसरी जगह जा रहे निवासियों ने बताया कि शाहबेरी व अन्य गांवों में बड़े स्तर पर बिजली कटौती हो रही है। बिजली के आभाव में घरों में पानी नहीं है। विद्युत उपकरण भी नहीं चल रहे हैं। गर्मी में एसी और कूलर तो दूर पंखा भी नहीं चल रहे हैं। इस कारण बड़ी संख्या में लोग दूसरी जगह चले गए हैं। जिनके गांव आसपास हैं, वो वहां चले गए हैं। दिन और रात घर के बाहर खुले में बैठकर काटनी पड़ रही है। नौकरीपेशा लोग सबसे अधिक परेशान हैं।

शाहबेरी में चल रही हैं वेल्डिंग की 100 से अधिक दुकानें
गांव में वेल्डिंग की 100 से अधिक दुकानें चल रही हैं, जो काफी बिजली की खपत करती हैं। निगम उनको बिजली दे रहा है, लेकिन गांव के लोग परेशान है। मंगलवार को गाजियाबाद से लेकर किसान चौक स्थित बिजली घर के चक्कर लगाए, लेकिन कुछ नहीं हुआ। इटैडा बिजली घर पर अफसरों के कार्यालयों पर ताले लटके मिले।

वृंदावन गार्डन शाहबेरी आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रतीपाल नागर ने बताया कि विद्युत निगम के अफसर सुनने को तैयार नहीं है। लोग परेशान हैं। सो नहीं पा रहे हैं। बिजली घरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन वहां पर अधिकारी नहीं मिल रहे हैं। इटैडा बिजली घर पर तो ताले लटके मिले। प्रशासन और प्राधिकरण के अफसर भी कोई मदद नहीं कर रहे हैं। अगर ऐसा ही रहा तो लोग फिर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

ईद पर मिली दो घंटे बिजली
शाहबेरी निवासी अजीम ने बताया कि 16 जून की रात से बिजली नहीं है। ईद के दिन पुलिस और प्रशासन से शिकायत की तो एडीएम प्रशासन व डीसीपी इटैडा बिजली घर पहुंचे और दो घंटे के लिए बिजली चालू कराई। बिजली निगम के अधिकारी तो फोन तक नहीं उठाते हैं। सुदामापुरी बिजली घर के जेई का जनता के साथ बर्ताव अच्छा नहीं है। वहीं, आसमान से आग बरस रही है। ऊपर से 24 घंटे में मात्र दो से तीन घंटे बिजली मिल रही है। उसमें भी ट्रिपिंग व लो-वोल्टेज रहता है। बिन बिजली रहना मुश्किल हो गया है। किसी भी स्तर से मदद नहीं मिल रही है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें