कैट्स एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल के कारण सातवें दिन शनिवार को भी मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। गंभीर हालत में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए जब परिजन 102 नंबर पर मदद मांगते हैं तो उन्हें पुलिस से मदद लेने की बात कही जा रही है।
सरकार और कैट्स कर्मियों की बातचीत का शनिवार को भी हल नहीं निकल सका। हड़ताल में शामिल कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, वे काम पर नहीं आएंगे। कर्मचारियों ने दिल्ली सरकार के मंत्री राजेंद्र पाल गौतम से बातचीत की लेकिन कोई हल नहीं निकला।
सड़क दुर्घटना में घायल को नहीं मिली एंबुलेंस
शनिवार सुबह महिपालपुर फ्लाईओवर पर एक व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। एक राहगीर ने 102 नंबर पर कॉल कर मदद मांगी तो तो वहां मौजूद कर्मियों ने हड़ताल का हवाला देते हुए एंबुलेंस नहीं भेजने की बात कही। कैट्स की सेवा पर हुई बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसी प्रकार हृदयाघात के मरीज को एंबुलेंस नहीं मिली।
कर्मचारियों ने हवन कर विरोध जताया
कैट्स एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष नरेंद्र लाकड़ा का कहना है कि शनिवार को हवन कर विरोध जताया गया। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर धरना देने से लेकर नारेबाजी तक की है।