मुलायम यादव, अखिलेश यादव, शिवपाल यादव
- फोटो : अमर उजाला
शिवपाल यादव के भाजपा में जाने की अटकलों के बीच सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दिल्ली में पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की है। अखिलेश ने दिल्ली में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। साथ ही वह डीएमके के कार्यालय के उद्घाटन समारोह में भी पहुंचे। यादव कुनबे में इन दिनों सब कुछ ठीक नहीं है। चुनाव परिणाम आने के बाद अखिलेश यादव द्वारा बुलाई गई विधायकों की बैठक में शिवपाल को न्योता नहीं भेजा गया था। इससे नाराज शिवपाल ने 28 मार्च को अपने बड़े भाई मुलायम सिंह यादव से मुलाकात की थी।
उधर, सियासी गलियारों में चर्चा है कि शिवपाल यादव अब भाजपा में शामिल हो सकते हैं। पीएम मोदी को ट्विटर पर फॉलो करना, सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करना और उनको फॉलो, इसके संकेत भी माने जा रहे हैं। शिवपाल सिंह यादव के इस कदम से एक बार फिर से राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इससे पहले चर्चा थी कि शिवपाल यादव ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुकाकात की, उसके बाद शिवपाल यादव बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले थे।