करीब डेढ़ महीने पहले पत्नी चली गई थी मायके
पुलिस के मुताबिक, आलोक परिवार के साथ वेस्ट विनोद नगर इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता रमा शंकर दीक्षित, मां, भाई के अलावा पत्नी व दो बच्चे हैं। आलोक एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। पुलिस को दिए बयान में रमा शंकर ने बताया कि आलोक का उसकी पत्नी से विवाद चल रहा था। इसी वजह से करीब डेढ़ महीने पूर्व उसकी पत्नी बच्चों को लेकर मायके देवरिया चली गई थी।
आलोक ने साले को वीडियो कॉल कर पत्नी से बात कराने के लिए कहा
पत्नी ने आलोक के परिवार के सभी मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए थे। कभी-कभार परेशान करने के लिए वह आलोक को कॉल कर लेती थी। आलोक बार-बार मिन्नतें कर उसे बुलाने की बात करता था। आलोक अपने बच्चों को लेकर काफी परेशान था। आरोप है कि सोमवार देर रात करीब 2.27 बजे आलोक ने अपने साले नीरज शुक्ला को वीडियो कॉल कर पत्नी से बात कराने व सुसाइड करने की धमकी दी। मना करने पर उसने फांसी लगा ली।
परिजन बोले बच सकती थी जान
देर रात करीब 3.00 बजे आलोक की मां जब उसके कमरे में पहुंची तो वह फंदे से लटका मिला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। परिजनों ने आलोक के मोबाइल की जांच की तो वीडियो कॉल का पता चला। पिता का आरोप है कि यदि नीरज आलोक के फांसी लगाने से पूर्व परिवार को इसकी खबर दे देता तो शायद उसकी जान बच जाती।