पुलिस अधिकारी ने बताया कि 24 जुलाई की शाम 5.30 उत्तम नगर के संजय एंक्लेव निवासी पवन गर्ग को गोली मारे जाने की सूचना मिली। परिवार वाले घायल को गुप्ता अस्पताल लेकर जा चुके थे। वह बयान देने की हालत में नहीं थे। डॉक्टरों ने उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। क्राइम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया। पुलिस को पता चला कि पवन गर्ग ई-रिक्शा गैरेज चलाते हैं। घटना के समय वह अपने दुकान पर थे। एक युवक ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके गर्दन पर लगी। पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी राजेश मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जिसके जरिए आरोपी की पहचान पवन गर्ग के पड़ोसी साहिल के रूप में हुई। आरोपी अपने घर के फरार था। तकनीकी जांच कर पुलिस ने उसे डीडीए फ्लैट्स बिंदापुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि पवन गर्ग अकसर उसके पिता के साथ गाली गलौज और अपशब्द कहते थे। उन्हें सबक सिखाने के लिए कुछ माह पहले अपने एक दोस्त से पिस्टल और दो कारतूस ली थी।
गैंगस्टर नीरज बवानिया के वीडियो से आरोपी है प्रभावित
जांच में पता चला कि साहिल गैंगस्टर नीरज बवानिया से प्रभावित था। वह गैंगस्टर का वीडियो देखकर उसे अपने इंस्टाग्राम आईडी पर रीपोस्ट करता था। उसकी गजनी उत्तमनगरिया के नाम से इंस्टाग्राम पर आईडी है। वह इलाके के बदमाशों पर अपना छाप छोड़ने के लिए अपना फोटो और वीडियो अपलोड करता था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। उसके पिता पेशे से दर्जी हैं और वह उसे कपड़ा सिलना सीखा रहे थे लेकिन साहिल को इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।