प्रेम में विफल होने पर एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटनास्थल पर छोड़े गए सुसाइड नोट में प्रेम में बर्बाद होने की जिक्र किया गया है। चमोली जिले का रहने वाला यह युवक सवा माह पहले ही देहरादून आया था।
नेहरू कालोनी थाना क्षेत्र के बाईपास रेलवे फाटक के पास शनिवार सुबह एक युवक का कटा हुआ शव मिला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर कपड़ों की तलाशी ली तो पहचान पत्र और मोबाइल के जरिये उसकी पहचान पंकज निवासी नेल सलोनी पोस्ट भीमतल्ला जिला चमोली के रूप में हुई।
चमोली थाने से संपर्क साधा गया तो पता चला कि पंकज अपने पिता महेश्वर प्रसाद के साथ दिल्ली रहता था। सवा माह पहले काम करने के लिए वह देहरादून आ गया था।
एसओ नेहरू कालोनी विनोद गुंसाई ने बताया कि मौके से एक पेज का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें कहा गया कि फेसबुक के जरिये कक्षा 11 की एक छात्रा से उसका प्रेम-प्रसंग हो गया था, लेकिन अचानक उसके मुंह मोड़ लेने से वह बर्बाद हो गया। इसी के चलते उसने आत्महत्या कर ली।
Published By : Nirmala Suyal