देहरादून। उत्तराखंड अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक समन्वय समिति के एक दिवसीय कार्य बहिष्कार के चलते सोमवार को आरटीओ में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के चलते ड्राइविंग लाइसेंस व परमिट बनवाने, चालान जमा करने, टैक्स जमा करने आए वाहन स्वामियों को बैरंग लौटना पड़ा।
उत्तराखंड अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक समन्वय समिति ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए गए गोल्डन कार्ड की खामियों को दूर करने समेत कई मांगों को लेकर सोमवार को कार्य बहिष्कार किया गया था। आरटीओ के मिनिस्टीरियल संवर्ग के कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार में शामिल होने की वजह से कामकाज पूरी तरह ठप रहा। मिनिस्टीरियल संवर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री संजीव मिश्रा का कहना है कि कार्य बहिष्कार में आरटीओ के तमाम कर्मचारी शामिल थे। फिलहाल मंगलवार को पूर्व की भांति सभी विभागीय कार्य किए जाएंगे।