पुराने गद्दे बेचने के चक्कर में एक महिला ठगी का शिकार हो गई। ओएलएक्स पर सक्रिय ठगों ने ग्राहक बनकर महिला से साढ़े पांच हजार रुपये में सौदा किया। इसके बाद क्यूआर कोड भेजकर 93 हजार रुपये खाते से निकाल लिए। महिला की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने जांच की। इसके बाद वसंत विहार थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार तृप्ति निवासी शिव विहार, महारानी बाग ने 12 अक्तूबर को अपने पुराने गद्दे बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन अपलोड किया था। इसके बाद उन्हें एक कॉल आई। उसने खुद का नाम समीर सक्सेना बताया और गद्दे खरीदने को साढ़े पांच हजार रुपये में सौदा कर लिया। सक्सेना ने बताया कि वह ऑनलाइन रुपये भेज रहा है। इसके लिए उसने एक क्यूआर कोड तृप्ति को भेज दिया। तृप्ति ने यह कोड स्कैन किया तो उनके खाते से 93 हजार रुपये कट गए। इंस्पेक्टर वसंत विहार देवेंद्र चौहान ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी व आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।