देहरादून में चोरी के शक पर हिरासत में लेने के बाद पुरुषों और महिला पुलिसकर्मियों ने महिला को थर्ड डिग्री दिया। महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने इस मामले में समाचार पत्रों में छपी खबरों का संज्ञान लेते हुए पुलिस कप्तान से मामले की जांच कराने को कहा है।
नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जोगीवाला पुलिस चौकी की ओर से चोरी के एक मामले में शक के आधार पर एक महिला को उठाकर पूछताछ के नाम पर उससे मारपीट करने के मामले का उत्तराखंड महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने इस मामले में सख्त नाराजगी जताते हुए देहरादून के पुलिस कप्तान को आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने इस मामले में समाचार पत्रों में छपी खबरों का संज्ञान लेते हुए पुलिस कप्तान से मामले की जांच कराने को कहा है। मीडिया को जारी बयान में अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि प्रदेश में किसी भी महिला से इस प्रकार की अभद्रता को बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस का काम केवल शक के तथ्य के आधार पर आरोपी को कोर्ट तक ले जाने का है। केवल शक के आधार पर किसी को भी इस तरह से मारने या पीटने का हक पुलिस को नहीं है। उन्होंने कहा कि आरोपी को दोष सिद्ध होने पर सजा देने का अधिकार कोर्ट को है। उन्होंने पुलिस कप्तान से मामले में लिप्त आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।