शाम को बारिश संग चली धूल भरी आंधी
शहर और आसपास के कई क्षेत्रों में शनिवार को शाम धूल भरी आंधी के साथ बारिश होने से लोगों को जहां गर्मी से कुछ राहत मिली, वहीं रात को फिर कुछ देर के लिए हुई बारिश ने मौसम को और खुशनुमा कर दिया। रात को हुई बारिश ने पिछले कई दिनों से मौसम की तपिश झेल रहे लोगों को राहत दी। शनिवार को दोपहर बाद तक मौसम में तपिश बनी रही। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से बढ़ रहे तापमान में शनिवार को कुछ कमी अवश्य दर्ज की गई, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। तेज धूल भरी आंधी और बारिश के कारण कई जगह पेड़ों की टहनियां गिर गई, तो कई जगह छतों से टिन और तिरपाल भी उखड़ गए।
तेज हवाएं चलने के आसार
आंधी और बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में कई देर बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, दून में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं, मौसम विभाग ने राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जना के साथ बहुत हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है, जबकि राज्य के कुछ स्थानों में दिन के समय तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
ये भी पढ़ें...Nupur Sharma: जुलूस निकाल रहे युवकों पर पुलिस ने लाठियां फटकारीं, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश में पांच गिरफ्तार
आज भी पसीने छुड़ाएगी बिजली कटौती
प्रदेश में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के रविवार को भी बिजली कटौती पसीने छुड़ाएगी। शनिवार को देहरादून के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर व पर्वतीय जिलों में बिजली कटौती की समस्या से जूझना पड़ा। मांग के सापेक्ष बिजली की उपलब्धता न होने पर कई क्षेत्रों में कटौती की जा सकती है। वर्तमान में राज्य और केंद्रीय पूल से 47.45 मिलियन यूनिट बिजली की उपलब्धता है, जबकि तापमान बढ़ने से बिजली की मांग 50 मिलियन यूनिट पार हो गई है। पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी से बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है।
बिजली की मांग 50.29 मिलियन यूनिट तक रहने का अनुमान
उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के 12 जून को प्रदेश में बिजली की मांग 50.29 मिलियन यूनिट तक रहने का अनुमान है जबकि राज्य और केंद्रीय पूल से 47.45 मिलियन यूनिट बिजली उपलब्ध रहेगी। बिजली की शेष कमी 2.84 मिलियन यूनिट को पूरा करने के लिए इनर्जी एक्सचेंज से खरीदने का प्रयास किया जा रहा है। बता दें कि मांग के अनुरूप बिजली की उपलब्धता न होने से कटौती की जा रही है। शनिवार को भी प्रदेश के कई स्थानों पर बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को गर्मी में खासी परेशानी झेलनी पड़ी। रविवार को भी मांग के अनुसार बिजली उपलब्ध नहीं हुई तो कटौती की जा सकती है। यूपीसीएल प्रबंध निदेशक अनिल कुमार का कहना है सरकार के दिशा-निर्देश में विकट परिस्थितियों में भी उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति की जा रही है। मांग के अनुरूप से बिजली उपलब्धता के लिए एनर्जी एक्सचेंज से खरीद की जा रही है।