राजाजी टाइगर रिजर्व के हाथी, तेंदुआ, बाघ जैसे हमलावर वन्यजीवों और शिकारियों पर पैनी नजर रखने के लिए टाइगर रिजर्व से सटे आसपास के 28 गांवों में विलेज प्रोटेक्शन फोर्स की तैनाती की गई है। फोर्स में गांवों के युवाओं को शामिल किया गया है, जो मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के साथ ही शिकारियों पर भी पैनी नजर रखेंगे।
विलेज प्रोटेक्शन फोर्स से जुड़े युवा मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं के साथ ही राजाजी टाइगर रिजर्व से जुड़ी तमाम जानकारियां टाइगर रिजर्व अधिकारियों को तत्काल मुहैया कराएंगे। इसके आधार पर ही टाइगर रिजर्व के अधिकारी जरूरी कदम उठाएंगे। निदेशक डीके सिंह ने बताया कि टाइगर रिजर्व के आसपास के 28 गांवों के ग्रामीणों की मदद से विलेज प्रोटेक्शन फोर्स का गठन किया गया है। विलेज प्रोटेक्शन फोर्स में शामिल ग्रामीण न सिर्फ मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने में अपना योगदान देंगे, वरन शिकारियों पर भी पैनी नजर रखेंगे। फोर्स से जुड़े युवा मानव वन्यजीव संघर्ष की स्थिति में तत्काल टाइगर रिजर्व अधिकारियों को सूचित करेंगे। ताकि, समय रहते तमाम एहतियाती कदम उठाए जा सकें। युवाओं को वर्दी के साथ ही टॉर्च, किट समेत तमाम उपकरण भी मुहैया कराए जाएंगे।