उत्तरकाशी के पुरोला में व्यापार मंडल के महामंत्री अंकित पंवार के साथ शुक्रवार देर शाम कुछ लोगों द्वारा मारपीट करने के मामले में आक्रोशित व्यापारियों ने शनिवार सुबह व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कर चक्काजाम कर दिया।
पुलिस ने चक्काजाम खुलवाया
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यापारियों ने जाम लगा दिया। काफी देर बाद पुलिस ने चक्काजाम खुलवाया। इसके बाद यहां व्यापारिक प्रतिष्ठान खोल दिए गए। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि आरोपी को गत दिवस ही गिरफ्तार कर लिया गया था। मामला राजस्व पुलिस का होने के कारण राजस्व उप निरीक्षक के यहां रिपोर्ट दर्ज की गई है। चक्काजाम में व्यापार मंडल के अध्यक्ष बृजमोहन चौहान, पूर्व अध्यक्ष जगमोहन नौडियाल, उपाध्यक्ष दीपक नौडियाल, उपेंद्र असवाल, सतीश चौधरी,सुनील आनंद, संदीप जैन सहित भारी संख्या में व्यापारी मौजूद है।
जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा
इसके बाद आरोपी के खिलाफ राजस्व पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। व्यापारियों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन भी भेजा है। ज्ञापन में नगर के राजस्व क्षेत्र कुमोला रोड, नागराज मंदिर, खेल मैदान को रेग्युलर पुलिस क्षेत्र में शामिल करने की मांग की गई है।
रिवॉल्वर की बट से हमला किया
अंकित पंवार ने राजस्व पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम वह अपनी दुकान बंद करने के बाद सब्जी लेने जा रहे थे कि कुमोला रोड के पास मखना गांव निवासी राहुल ने पीछे से उनके सिर पर रिवॉल्वर की बट से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने राहुल को तत्काल अपनी कस्टडी में ले लिया था, लेकिन मामला राजस्व पुलिस का होने के कारण मामला दर्ज नहीं किया गया।
शनिवार सुबह व्यापारियों ने इस मामले को लेकर यहां सांकेतिक चक्काजाम भी किया। एसडीएम के अवकाश में होने के कारण व्यापारियों ने यहां बाजार स्थित पुलिस चौकी में थानाध्यक्ष अशोक कुमार व कानूनगो जिनेद्र सिंह रावत के साथ वार्ता कर जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा है।
ज्ञापन में नगर के राजस्व क्षेत्र को रेग्युलर पुलिस को स्थानांतरित करने, नशेड़ियों पर अंकुश लगाने, चरस-स्मैक बेचने वालों पर कार्रवाई करने, आरोपी को जेल भेजने, पुलिस गस्त बढ़ाने आदि की मांग शामिल है। राजस्व उप निरीक्षक सुखबीर असवाल ने बताया कि आरोपी राहुल के खिलाफ धारा 323, 325, 504, 506, 07 में मामला दर्ज किया गया है।