मसूरी में बहुत हल्की बर्फबारी
रविवार को पर्यटन स्थल औली में बर्फबारी से यहां आए पर्यटकों के चेहरे खिल उठे। पहाड़ों की रानी मसूरी में बहुत हल्की बर्फबारी हुई। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम का बिगड़ा मिजाज कायम रहेगा। मौसम विज्ञानियों ने संभावना जताई है कि सोमवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में हल्की बारिश के साथ ही बर्फबारी हो सकती है। ऐसे में लोगों को थोडा एहतियात बरतने की जरूरत है।
दूसरी ओर मौसम विज्ञानियों की मानें तो राज्य के पर्वतीय इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और नई दिल्ली में मौसम के बदले मिजाज का असर राज्य के मैदानी और पर्वतीय इलाकों में दिखाई दे रहा है।
रविवार को दिनभर मौसम खराब रहा और दोपहर बाद चारों धामों में बर्फबारी हुई। जबकि निचले क्षेत्रों में देर शाम से बारिश शुरू हो गई है, जिससे ठंड बढ़ गई है। बदरीनाथ धाम में चारों ओर बर्फ बिछ गई है, जबकि हेमकुंड साहिब में देर शाम तक बर्फबारी होती रही। औली और चोपता में पर्यटकों ने बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। वहीं केदारनाथ में न्यूनतम तापमान माइनस 15 तक जा रहा है। यहां रविवार को छह इंच नई बर्फ जमी।
Uttarakhand Weather: सोमवार को पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी, बढ़ी ठंड, मुनस्यारी बाजार में हुआ सीजन का पहला हिमपात, तस्वीरें
बर्फबारी और बारिश के कारण कड़ाके की ठंड
रविवार को बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब, माणा गांव, औली, गोरसों बुग्याल, रुद्रनाथ, लाल माटी, कांचुलाखर्क, नंदा घुंघटी और नीती घाटी के गांवों समेत केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री में जमकर बर्फबारी हुई। बर्फबारी और बारिश के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंड से बचाव के कारण बाजारों में व्यापारी और राहगीरों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है।
नैनीताल में कड़ाके की ठंड, बर्फ की फाहें भी गिरी
नीताल में रविवार को कड़ाके की ठंड महसूस की गई। वहीं ठंड बढ़ने के बाद शाम चार बजे हवा के साथ बर्फ की फाहें भी गिरनी शुरू हो गई थी, जिन्हें देख अंदाजा लगाया जा रहा है कि जल्द ही नैनीताल में हिमपात हो सकता है। शाम को साढ़े चार बजे मल्लीताल क्षेत्र में हवा में कुछ देर के लिए हल्की बर्फ की फाहें भी गिरीं, जिनकी लोगों ने वीडियो भी बनाई। वीडियो में भी बर्फ की फांहे गिरना साफ नजर आ रहा है लेकिन हवा चलने के बाद यह नजारा कुछ ही सेकेंड के लिए नजर आया।