राजधानी दून के अलावा पिथौरागढ़, बागेश्वर, उत्तरकाशी जैसे जिलों में अगले 24 घंटे में अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तराखंडः कपकोट में बादलों ने मचाई तबाही, मकान क्षतिग्रस्त, एक बच्चे सहित तीन सदस्य मलबे में दफन
संभावना जताई गई है राज्य के बाकी सभी जिलों में गर्जना के साथ तेज बौछारें पड़ने के साथ ही कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मानसून के सक्रिय होने से मौसम पूरी तरह से बदल गया है।
राजधानी दून व आसपास के इलाकों में रविवार को बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया। पिछले कई दिनों से गर्मी का सामना कर रहे लोगों ने बारिश के चलते राहत की सांस ली। राजधानी में काले घने बादल छाए रहे और ठंडी हवा चलने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।
रात आठ बजे अधिकतम तापमान 25 डिग्री रहने से मौसम खुशगवार हो गया। मौसम विज्ञानियों ने संभावना जताई है कि अगले 24 घंटे में राजधानी दून व आसपास के इलाकों में जोरदार बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड में शनिवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश रविवार सुबह तक होती रही, जिससे मलबा और बोल्डर आने से चमोली जिले में बदरीनाथ हाईवे तीन जगहों गुलाबकोटी, पागल नाला और हनुमान चट्टी में बंद रहा, जबकि कई मोटर मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गए।
तेज बारिश से बागेश्वर में पिंडर घाटी के 200 गांवों की बिजली भी गुल हो गई, जिससे लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।
रविवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश से ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे शिवानंदी में आठ घंटे बंद रहा। पहाड़ी से आए भारी मलबे से एनएच के क्रशर प्लांट को भारी नुकसान हुआ है।
वहीं, शनिवार रात को हुई भारी बारिश से कई स्थानों पर भूस्खलन होने और चट्टानें टूटने से कर्णप्रयाग-अल्मोड़ा हाईवे सहित ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हो गए।