तिब्बत (चीन) सीमा क्षेत्र के गांवों में अब ठंड बढ़ने लगी है। सीमा क्षेत्र के ग्रामीण जनपद के निचले क्षेत्रों में आने की तैयारी करने लगे हैं, लेकिन जोशीमठ-मलारी हाईवे के पिछले एक सप्ताह से अवरुद्ध होने के कारण ग्रामीण निचले स्थानों में नहीं आ पा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नीती घाटी में नवंबर माह से बर्फबारी शुरू हो जाती है, जिस कारण वे प्रतिवर्ष अपनी खेतीबाड़ी का काम निपटाकर 20 अक्तूबर तक निचले क्षेत्रों में आ जाते हैं, लेकिन इस बार मलारी हाईवे क्षतिग्रस्त होने से वे अपने गांवों में ही कैद हैं। घाटी में सड़क के अलावा बिजली और संचार सेवा भी ठप पड़ी हुई है। 18 अक्तूबर को भारी बारिश के दौरान तड़के मलारी हाईवे तमक नाला के साथ ही कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। कई जगहों पर बड़े-बड़े बोल्डर आ जाने से हाईवे खाई में तब्दील हो गया है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से हाईवे को सुचारु करने के लिए क्षेत्र में 10 जेसीबी मशीनें और एक सौ से अधिक मजदूर लगाए गए हैं, लेकिन एक सप्ताह बाद भी हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए नहीं खोला जा सका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हाईवे खुलवाने की मांग की है।
मलारी गांव के देव सिंह और मंगल सिंह का कहना है कि घाटी के नीती, बांपा, फरकिया, मेहरगांव, जुम्मा, द्रोणागिरी, कागा, गरपक गांव के भोटिया जनजाति के ग्रामीण ठंड बढ़ने के कारण निचले क्षेत्रों में आने की तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीण अपने साथ मवेशियों को लेकर भी निचले क्षेत्रों में पहुंचते हैं, लेकिन आवाजाही का कोई साधन न होने के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कागा गांव के ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह राणा ने बताया कि द्रोणागिरी क्षेत्र में बीते दिनों हुई बारिश से पैदल रास्ते भी तहस-नहस पड़े हुए हैं। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पैदल आवाजाही कर रहे हैं। मलारी हाईवे क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीण अपने गांवों में ही कैद हो गए हैं।
ठप हुई सेना की आवाजाही
गोपेश्वर। जोशीमठ-मलारी हाईवे सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। यह मार्ग तिब्बत (चीन) सीमा क्षेत्र को जोड़ता है। चीन की ओर से कई बार यहां घुसपैठ की कोशिश की जाती रही है। सीमा क्षेत्र में मुस्तैद सेना और आईटीबीपी के जवान इसी मार्ग से सेना के वाहनों में आवाजाही करते हैं। हाईवे के अवरुद्ध होने से सेना की आवाजाही भी बाधित हुई है। सेना और आईटीबीपी की आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई में भी दिक्कतें आ रही हैं।
मलारी हाईवे को सुचारु करने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। जिन स्थानों में हाईवे क्षतिग्रस्त पड़ा है, वहां हिल कटिंग कर हाईवे को सुचारु किया जा रहा है। तमक नाला तक हाईवे को खोल दिया गया है, 26 अक्तूबर तक अंतिम गांव नीती तक हाईवे को सुचारु कर दिया जाएगा।
-कर्नल मनीष कपिल, कमांडर, बीआरओ, जोशीमठ, चमोली।