फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देहरादून में आफत की बारिश: उफनाए नालों ने मचाया तांडव, घरों में घुसा पानी, मलबे से पटा मालदेवता

Sun, 18 Jul 2021 09:33 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

सूचना मिलते ही महापौर सुनील उनियाल गामा और नगर निगम अधिकारियों की अगुवाई में टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची और नालों की सफाई करने के साथ ही कई जगहों पर पुलिया को तोड़कर पानी का बहाव तेज किया।
विज्ञापन
देहरादून में बारिश के बाद सड़कों पर आया मलबा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देहरादून में शनिवार की शाम से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने राजधानी के दर्जन भर से अधिक इलाकों में लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। झमाझम बारिश के चलते जहां दिलाराम चौक, सर्वे चौक, घंटाघर, महाराजा अग्रसेन चौक, कारगी चौक समेत दर्जनभर बड़े चौराहों पर जबरदस्त जलभराव हो गया, वहीं सरस्वती विहार, केवल बिहार, सुमननगर, नीलकंठ विहार, पंडितवाणी, गांधी रोड, आईएसबीटी , किशन नगर, राजेंद्र नगर, त्यागी रोड, पटेल नगर कई इलाकों में नालों के उफान पर आ जाने से भारी मुसीबत खड़ी हो गई। पानी लोगों के घरों में घुस गया। कई जगह लोग बाल्टियों से घरों में जमा पानी निकालने में जुटे रहे। 

विज्ञापन


सूचना मिलते ही महापौर सुनील उनियाल गामा और नगर निगम अधिकारियों की अगुवाई में टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची और नालों की सफाई करने के साथ ही कई जगहों पर पुलिया को तोड़कर पानी का बहाव तेज किया। उसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

उत्तराखंड: जान हथेली पर रखकर काठ के पुलों से नदियों को पार कर रहे पिथौरागढ़ के लोग, तस्वीरें... 
विज्ञापन


मालेदवता क्षेत्र में पहाड़ी का मलबा सड़क पर आया 
मालदेवता क्षेत्र में पहाड़ी का मलबा सड़क पर आने से शेरकी गांव के समीप पीपीसीएल-टिहरी मार्ग बाधित हो गया। मलबा और बारिश का पानी तेज गति से आने के चलते मवेशियों को भी नुकसान हुआ है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसकी सूचना जिला आपदा प्रबंधन, पुलिए और लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) को दी। पीडब्लूडी ने संबंधित विभागों की मदद से बुल्डोजर लगाकर सड़क से मलबा हटाया। जिसके चलते सुबह के बाद वहां से वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई।

बारिश के बाद क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय और नजदीकी बाजारों से कट गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सड़क पर मलबा आने की सूचना पीडब्लूडी और अन्य संबंधित विभागों को दी। सूचना पर पीडब्लूडी, पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सड़क पर आए मलबे को हटाने के लिए पीडब्लूडी को बुल्डोजर का सहारा लेना पड़ा। कई घंटे की मशक्कत के बाद मलबे को साफ किया गया। जिसके बाद सड़क पर सुबह लगभग 10 बजे वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इस क्षेत्र में पहाड़ से भूस्खलन होकर मलबा सड़क पर आ गया था। जिससे हजारों की आबाजी को दिक्कत हुई थी। 

रिस्पना और बिंदाल नदियों के किनारे बसी बस्तियों के लोग दहशत में

राजधानी दून व आसपास के इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश के चलते जहां राजधानी के दर्जनभर इलाकों  में जलभराव हो गया और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं रिस्पना और बिंदाल जैसी नदियों के किनारे बसी दो दर्जन से अधिक बस्तियों के लोगों की भी सांसे अटकी रहीं। लोगों को इस बात का डर सताता रहा था कि ना जाने कब दोनों नदियां उफान पर आ जाएं और उन्हें भी भारी मुसीबत का सामना करना पड़े। इसी डर के चलते दोनों नदियों के किनारे बसी बस्तियों के लोग शनिवार पूरी रात जागते रहे। 

नीलकंठ बिहार में गिरी ढांग, बाल-बाल टला बड़ा हादसा 
शनिवार रात को मूसलाधार बारिश के चलते नीलकंठ विहार में रविवार तड़के ढांग गिर गई। गनीमत रही कि ढांग की चपेट में कोई नहीं आया वरना बड़ा हादसा हो जाता। आखिरकार जानकारी पाकर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और मलबे को हटाया। 
विज्ञापन

गलोगी धार में कई बार बंद हुआ मार्ग, लोग हुए परेशान

शहर में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। भारी बारिश से कई जगह मलबा और बोल्डर आने से मार्ग बंद हो गया। इससे शहर में आने वाले पर्यटक परेशान रहे। गलोगी धार में मसूरी-देहरादून मार्ग भी कई बार बंद हुआ। 

गलोगी धार में देहरादून मार्ग पर पिछले एक सप्ताह में 10 से अधिक बार मलबा और बोल्डर आ चुके हैं। रविवार को भी गलोगी धार के पास मलबा आने से आधे घंटे तक मार्ग बंद रहा, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई।

जेसीबी द्वारा मलबा हटाने के बाद सड़क पर आवाजाही शुरू हो सकी। वहीं, नगर क्षेत्र में कई जगह पुश्ते गिरने से लिंक मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए। वुडस्टॉक स्कूल के पास भी पुश्ता गिरने से लोग परेशान रहे।

लाईब्रेरी क्षेत्र के स्प्रींग रोड के निकट देर रात को भारी भरकम पुश्ता गिरने से मार्ग बंद हो गया। सूचना पर नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाया। बारिश से नगर क्षेत्र की कई सड़के भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे परेशानी बढ़ गई है। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें