देहरादून जिलाधिकारी ने भले ही बलवीर रोड की खस्ता हालत को देखते हुए कांट्रेक्टर पर कार्रवाई की हो, लेकिन शहर की अधिकांश सड़कों की हालत ऐसी ही है। हर दूसरी सड़क खस्ताहाल है, जहां बारिश के कारण बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं। इनमें लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं में कई लोग घायल भी हो चुके हैं।
राजधानी की टूटी-फूटी सड़कों का मामला पिछले काफी समय से चर्चाओं में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक सड़कों की खराब हालत को लेकर चिंता जता चुके हैं। जगह-जगह खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं हुई है। जिन स्थानों पर मरम्मत हुई भी, वहां भी गड्ढे ही गड्ढे बने हुए हैं। स्थानीय लोगों की नाराजगी जताने के बाद कुछ स्थानों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाकर सड़क की मरम्मत का प्रयास जरूर किया गया, लेकिन इससे भी कोई लाभ नहीं हुआ है।
कारगी से पटेलनगर को जोड़ने वाली सड़क, सहारनपुर रोड, सुभाष रोड, राजपुर रोड, बंजारावाला रोड, वसंत विहार रोड, सीमाद्वार रोड, हरिद्वार रोड की हालत कई जगह खस्ताहाल है। इसके अलावा मोहल्लों और कॉलोनियों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों की हालत भी बहुत बेहतर नहीं है। जिलाधिकारी की इस कार्रवाई के बाद सड़कों की हालत में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।