जोशीमठ में सीमांत गांव नीती गांव को यातायात से जोड़ने वाले मलारी-नीती सड़क पर तीसरे दिन भी यातायात बहाल नहीं हो पाया। नीती घाटी सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यह गांव चीन सीमा क्षेत्र का अंतिम गांव है।
यहां सेना की आवाजाही निरंतर बनी रहती है। बीआरओ की ओर से सड़क चौड़ीकरण के दौरान यहां हिल कटिंग की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की ओर से चट्टानों को तोड़ने के लिए विस्फोट किए गए, जिससे चट्टान से बड़े-बड़े बोल्डर टूटकर सड़क पर आ गए हैं। सड़क बंद होने से ग्रामीणों को पैदल ही लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
बीआरओ के कमांडर कर्नल मनीष कपिल ने बताया कि सड़क खोलने का काम जारी है। बोल्डरों को हटाया जा रहा है। जल्द ही सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।
भारी बारिश के कारण कैंपटी फॉल क्षेत्र में में अचानक बढ़ा पानी
जनपद टिहरी गढ़वाल के प्रमुख पर्यटक स्थल कैंपटी फॉल में शनिवार को भारी बारिश के कारण अचानक पानी बढ़ गया, लेकिन पुलिस की सूझबूझ से दर्जनों पर्यटक सुरक्षित स्थान पर चले गए। पानी के अचानक बढ़ने से पुलिस ने पर्यटकों को तत्काल झील से बाहर निकाल कर फॉल से करीब पचास मीटर दूर भेज दिया, जिससे बड़ी अनहोनी होने से बच गई। इसके बाद पुलिस ने कैंपटी फॉल और आसपास के इलाकों में पर्यटकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने अपने इलाकों में सक्रिय रहें ताकि मूसलाधार बारिश के चलते संभावित किसी भी आपदा के बाद तत्काल राहत कार्य शुरू किए जा सके। जिलाधिकारी का यह भी कहना है कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही बरती गई तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
उमसभरी गर्मी से दिनभर परेशान रहे लोग
हरिद्वार में उमसभरी गर्मी से दिनभर धर्मनगरी के लोग परेशान रहे। आज बारिश होने का पूर्वानुमान मौसम विभाग बता रहा है। शुक्रवार की अलसुबह हल्की बरसात हुई। बरसात से लोगों को सुबह के समय गर्मी से राहत मिल गई। लेकिन बाद में दिन में उमसभरी गर्मी शुरू हो गई।
इसके कारण गर्मी से लोगों काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उमसभरी गर्मी से राहत के लिए लोगों को पंखों का सहारा लेना पड़ा। लोग दिन में भी आसमान की तरफ बारिश के लिए टकटकी लगाए हुए देखते रहे। पर बारिश नहीं होने बादल यूं ही गुजर गए। रितु आलोक शाला के शोध पर्यवेक्षक नरेंद्र रावत ने बताया कि शनिवार को बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है।