उत्तराखंड की तरक्की और दशा-दिशा तय करने वाले आला अफसर अंधविश्वासों के मकड़जाल से आज तक नहीं निकल पाए हैं। इसकी बानगी उत्तराखंड सचिवालय में कमरा नंबर 420 खोजते वक्त साफ नजर आ जाएगी।
अंक ज्योतिष पर भरोसा रखने वाले अफसरों में 420 का खौफ इस कदर है कि सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में इसे कमरे की शक्ल दी ही नहीं गई। अफसर मानते हैं कि यह नंबर शुभ नहीं है।
यह धोखेबाजी और घपले से जुड़ा नंबर है, इसीलिए इसे हटा दिया गया है। सचिवालय के चतुर्थ तल पर मुख्यमंत्री कार्यालय के दाहिनी ओर कमरा नंबर 401 में सीएम ऑफिस है। इसके बाद 402 से क्रमानुसार बाकी कमरे हैं। बाई ओर सीएम के निजी सचिव अकील अहमद बैठते हैं।
कुछ आगे 412 नंबर में सलाहकार इंदु कुमार, 414 में सलाहकार रंजीत रावत, 419 नंबर मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी डा. मनोज शर्मा का कमरा है। मगर पूरे कार्यालय में 420 नंबर का कोई कमरा नहीं है। पड़ताल में पता चला कि 401 से लेकर कमरा नंबर 419 और 421 तो हैं, लेकिन 420 नहीं है।