केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी यह संकेत दे गए थे कि मंत्रालय जल्द ही पेड़ों के कटान के स्थान पर उन्हें ट्रांसप्लांट करने की नीति लागू करेगा। वह कुछ दिन पूर्व उत्तराखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा का घोषणापत्र करने के लिए देहरादून पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने चारधाम आलवेदर रोड परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के शेष कार्य में एक भी पेड़ न काटे जाने की बात कही थी।
राज्य में होना है हजारों करोड़ की सड़क परियोजनाओं का निर्माण
उत्तराखंड में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय व भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के स्तर पर फोर लेन और सड़कों और पुलों के निर्माण की हजारों करोड़ की परियोजनाओं के शिलान्यास हो चुके हैं। इनमें दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे, दून पांवटासाहिब मार्ग, मुरादाबाद काशीपुर फोर लेन, हरिद्वार रिंग रोड, चारधाम आलवेदर रोड परियोजना के तहत 153 किमी सड़क का निर्माण कार्य हो रहा है।
मंत्रालय का पत्र हमें प्राप्त हुआ है। पेड़ों के कटान के स्थान पर ट्रांसप्लांट करने से निश्चिततौर पर वन एवं पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिकीय तंत्र को सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। मंत्रालय के पत्र के आधार पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। - आनंद बर्द्धन, अपर मुख्य सचिव, (वन)