उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पर्यावरण पर्यवेक्षक, प्रयोगशाला सहायक सहित विभिन्न विभागों में 434 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इन पदों के लिए छह जुलाई से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे।
कोरोना का प्रकोप कम होने के साथ ही आयोग ने भी विभिन्न भर्तियों के लिए विज्ञापन प्रकाशित करने का सिलसिला तेज कर दिया है। पहले पटवारी-लेखपाल भर्ती और इसके बाद बंदीरक्षकों की भर्ती के विज्ञापन जारी करने के बाद अब आयोग ने प्रयोगशाला सहायक, पर्यावरण पर्यवेक्षक के लिए विज्ञापन जारी किया है।
इसके तहत प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में अनुश्रवण सहायक के आठ, प्रयोगशाला सहायक के सात, रेशन विभाग में सहकारिता पर्यवेक्षक के दो, विभिन्न निगमों, निकायों, पंचायतों में पर्यावरण पर्यवेक्षक के 291, उच्च शिक्षा विभाग में प्रयोगशाला सहायक के 87, विधि विज्ञान प्रयोगशाला में प्रयोगशाला सहायक के नौ, फोटोग्राफर के दो, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में वैज्ञानिक सहायक के पांच, कारागार विभाग में फार्मासिस्ट के आठ, संस्कृति निदेशालय में रसायन विद के एक, जल संस्थान में केमिस्ट के 12 और पशुपालन विभाग में स्नातक सहायक के दो पदों पर भर्ती की जानी है।
आयोग के मुताबिक, इन सभी पदों के लिए एक जैसी अर्हताएं हैं। छह जुलाई से 19 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने इनकी परीक्षाएं दिसंबर में प्रस्तावित की हैं। इस परीक्षा में आवेदन के लिए सामान्य, ओबीजसी का आवेदन शुल्क 300 रुपये और एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 150 रुपये तय किया गया है।
जल्द ही शुरू होगी 894 फॉरेस्ट गार्ड के पदों पर भर्ती
प्रदेश में बेरोजगारों के लिए चल रही भर्तियों की बहार में एक और नई भर्ती जुड़ने वाली है। यह भर्ती है वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड के 894 पदों की। इसके लिए वन विभाग से आयोग को प्रस्ताव(अधिचायन) मिल चुका है। वन विभाग में फारेस्ट गार्ड के 894 नए पदों पर भर्ती की तैयारी है। इसके लिए विभाग ने आयोग को प्रस्ताव भेज दिया है।
आयोग अब इस प्रस्ताव का अध्ययन कर रहा है। जबकि, 1218 पदों पर भर्ती प्रक्रिया गतिमान है। वन विभाग में फील्डकर्मियों की कमी को दूर करने के चलते यह भर्तियां की जा रही हैं। पूर्व में निकाली गई भर्ती में विलंब हुआ, लेकिन अब प्रयास किया जा रहा है कि प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर ली जाए और कैबिनेट की मंजूरी के बाद नई भर्ती भी कर दी जाएगी। 1218 पदों पर की जा रही भर्ती में अब शारीरिक दक्षता परीक्षा बाकी रह गई है।
जुलाई के दूसरे सप्ताह तक आ सकता है नोटिफिकेशन
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि फॉरेस्ट गार्ड भर्ती के लिए आए अधियाचन का अध्ययन किया जा रहा है। सभी नियमावलियों के आधार पर जुलाई के दूसरे सप्ताह तक आयोग इन भर्तियों का नोटिफिकेशन जारी कर देगा।