आतंकी अर्शदीप के दो गुर्गे पेशी पर आए रुड़की
- फोटो : अमर उजाला
कनाडा में बैठे खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के आतंकी अर्शदीप डाला के दो गुर्गों को दिल्ली पुलिस की टीम कड़ी सुरक्षा के बीच बी वारंट पर तिहाड़ जेल से रुड़की कोर्ट लेकर पहुंची। दोनों पर मंगलौर कोतवाली में नारसन ब्लॉक प्रमुख से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नाेई के नाम से रंगदारी मांगने का केस दर्ज है। वहीं, दून एसटीएफ भी कोर्ट पहुंची और दोनों से घंटों तक पूछताछ की।
रुड़की के नारसन ब्लॉक प्रमुख कविंद्र सिंह को 18 जुलाई को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से एक कॉल आई थी। काॅल करने वाले ने दो करोड़ की रंगदारी मांगी थी। लॉरेंस विश्नोई के नाम से धमकी मिलने की शिकायत मंगलौर पुलिस से की गई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। मामले की जांच देहरादून एसटीएफ को दी गई थी। देहरादून एसटीएफ की टीम ने मोबाइल नंबर की जानकारी जुटानी शुरू कर दी थी।