उत्तराखंड में 1988 बैच की आईएएस अधिकारी राधा रतूड़ी को ओम प्रकाश की जगह दिए जाने की चर्चाएं गरम थीं, लेकिन जब मुख्य सचिव को बदलने का समय आया तो कुर्सी 1988 बैच के ही आईएएस अधिकारी डॉ. सुखबीर सिंह संधू के हिस्से में आ गई।
पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने कार्यकाल में 1987 बैच के आईएएस अधिकारी ओम प्रकाश को मुख्य सचिव बनाया था। उनके कार्यकाल में भी दो वरिष्ठ नौकरशाह राधा रतूड़ी और डॉ. संधू को मुख्य सचिव बनाए जाने की संभावनाएं जताई जा रही थी। सत्तारूढ़ भाजपा में भी एक वर्ग चाहता था कि मुख्य सचिव की कुर्सी पर ओम प्रकाश को न बैठाया जाए लेकिन फैसले लेने में दृढ़ त्रिवेंद्र ने ओम प्रकाश को मुख्य सचिव बनाया।
उत्तराखंड: नए मुख्य सचिव बने एसएस संधू, ओम प्रकाश को राजस्व परिषद का अध्यक्ष बनाया
जैसे ही त्रिवेंद्र मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटे और उनकी जगह तीरथ सिंह रावत आए तो एक बार फिर मुख्य सचिव को बदले जाने की चर्चाएं शुरू हो गईं, लेकिन इससे पहले कि तीरथ मुख्य सचिव पद पर बदलाव करते, उन्हीं की विदाई हो गई।
अब नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्णय लेने में जरा देर नहीं लगाई। उनके आदेश पर मुख्य सचिव को बदलने की कार्रवाई इतनी तेजी से हुई कि दिल्ली में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए डॉ. एसएस संधू के उत्तराखंड के लिए रिलीव होने और उन्हें मुख्य सचिव नियुक्त करने के आदेश भी चंद घंटों में जारी हो गए। अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने अपने बैचमेट डॉ. संधू की नियुक्ति का आदेश जारी किया है।
मुख्य सचिव पद के लिए ये अपर मुख्य सचिव भी रहे कतार में
नाम बैच जन्मतिथि
राधा रतूड़ी 1988 06 मार्च 1964
मनीषा पंवार 1990 03 मार्च 1967
आनंद बर्द्धन 1992 12 जून 1967
डॉ. संधू उत्तराखंड पहुंचे, मुख्य मंत्री से की भेंट
उत्तराखंड के मुख्य सचिव नियुक्त किए गए डॉ. सुखबीर सिंह संधू सोमवार को बीजापुर अतिथि गृह पहुंच गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और मुख्य सचिव के दायित्व के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। ब्यूरो