उत्तराखंड में सोमवार से नौंवी से 12 वीं तक के स्कूल खुल गए। पहले दिन 44 फीसदी बच्चे ही स्कूल पहुंचे। इसमें सबसे कम देहरादून जिले में मात्र 20 फीसदी तो हरिद्वार में 24 फीसदी बच्चे पहुंचे। जबकि रुद्रप्रयाग जिले में सबसे अधिक 80 फीसदी बच्चे स्कूल पहुंचे।
प्रदेश में नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, चंपावत, पौड़ी, उत्तरकाशी, टिहरी और चमोली में नौंवी से 12 वीं तक के सभी सरकारी स्कूल खुले। जबकि देहरादून में 222 में से मात्र 100 स्कूल खुले, जिले में 112 स्कूल बंद रहे। इसके अलावा अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिले में सभी स्कूल नहीं खुल पाए।
अल्मोड़ा में 325 में से 298 स्कूल खुले। जबकि पिथौरागढ़ जिले में 234 में से 225 स्कूल खुले। जिले के अन्य स्कूल बंद रहे। नैनीताल जिले में 42, अल्मोड़ा में 57, पिथौरागढ़ में 38, ऊधमसिंह नगर में 30, बागेश्वर में 56, चंपावत में 39, पौड़ी में 38, उत्तरकाशी में 40, टिहरी में 59 और चमोली जिले में पहले दिन 54 फीसदी छात्र स्कूल पहुंचे।
प्राथमिकता के आधार पर होगा शिक्षकों का वैक्सीनेशन
शिक्षा सचिव राधिका झा ने कहा कि स्कूल खुलने के बाद शिक्षकों का प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीनेशन होगा। स्वास्थ्य सचिव से इसके लिए अनुरोध किया गया है। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी, हरिद्वार, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग एवं ऊधमसिंह नगर में मई व जून से वैक्सीनेशन किया जा रहा है। शिक्षा सचिव ने कहा कि समस्त मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जिलाधिकारी से समन्वय कर शिक्षकों का वैक्सीनेशन कराएं।
बच्चों के लिए स्कूल को करनी होगी मास्क की व्यवस्था
शासन की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि यदि कोई छात्र बिना मास्क स्कूल आता है तो ऐसे छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल को मास्क की व्यवस्था करनी होगी। स्कूल खुलने के दौरान सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्रों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा।
इतने स्कूल खुले आज से
प्रदेश में आज नौंवी से 12 वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल खुल गए हैं। इसमें सरकारी और निजी हाईस्कूलों की संख्या 1354 है। जबकि 2479 इंटरमीडिएट कॉलेज हैं। इनमें करीब तीन लाख से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं।