वहीं, चार दिन बीत गए, लेकिन अभी तक यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से किया गया वादा पूरा नहीं हुआ है। उत्तराखंड रोडवेज की बसों का संचालन यूपी में सुचारू नहीं हो पाया है। अब शासन इस मामले में दोबारा यूपी को अनुरोध पत्र भेज रहा है।
दरअसल, कोविड कर्फ्यू के बाद से ही उत्तराखंड की बसों का यूपी में संचालन ठप पड़ा हुआ है। लगातार घाटे से जूझ रहा परिवहन निगम अपने कर्मचारियों को समय से वेतन भी नहीं दे पा रहा है।
लिहाजा, बस संचालन को सुचारू करने के लिए चार दिन पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की थी। उन्होंने निगम की मदद के तौर पर जल्द बसों के संचालन का अनुरोध किया था।
सीएम योगी ने भी बस संचालन का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक यूपी की ओर से कोई भी जवाब लिखित में नहीं आया। परिवहन निगम के एमडी संदीप रोहिला का कहना है कि बस संचालन को लेकर अब शासन स्तर से दोबारा यूपी से अनुरोध किया जाएगा। फिलहाल निगम की बसों का संचालन केवल राज्य के भीतर ही किया जा रहा है।