प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरालंपिक की बैडमिंटन प्रतियोगिता में कांस्य पदक अर्जित करने वाले मनोज सरकार से कहा कि तुम तो देवभूमि के लाल हो। तुम्हें देखकर उत्तराखंड की याद ताजा हो गई। पैरालंपिक में तुमने कमाल कर दिया। 2024 में पेरिस में होने वाले पैरालंपिक खेलों में और बेहतरीन खेलना। इस दौरान मनोज ने भी उनसे टोक्यो पैरालंपिक के अनुभव साझा किए।
टोक्यो पैरालंपिक में 19 पदक जीतकर वतन लौटे पैरा खिलाड़ियों से पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली में ढाई घंटे तक मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने पीएम मोदी से पैरालंपिक के अनुभव साझा किए। फोन पर हुई बातचीत में अर्जुन अवार्डी मनोज सरकार ने बताया कि पीएम मोदी से जब उनकी बात हुई तो उन्होंने कहा कि आप तो देवभूमि उत्तराखंड के लाल हैं।
उत्तराखंड से सिर्फ एक ही खिलाड़ी ने टोक्यो पैरालंपिक में प्रतिभाग किया है। देश के लिए कांस्य पदक लाने पर राज्य को भी बहुत नाज होगा। आने वाली प्रतियोगिताओं में और बेहतर खेलना। मनोज ने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि आपके विजन में पैरा खिलाड़ी व सामान्य खिलाड़ी सब बराबर हैं। ऐसे में पैरा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर मौका मिलेगा। मनोज ने बताया कि टोक्यो पैरालंपिक खेलने में उन्हें प्रेरणा मिली है। आगे होने वाले खेलों में वह इससे भी अच्छा खेलेंगे।