उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल चोपता से लौटते समय कुंड-चोपता-ऊखीमठ-गोपेश्वर हाईवे पर कंथा के समीप एक पर्यटक सेल्फी लेते समय गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार को पुलिस ने एसडीआरएफ व डीडीआरएफ के सहयोग से गहरी खाई से शव बरामद कर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना पर मृतक के परिजन भी पहुंच चुके हैं।
सूचना पर मृतक के परिजन भी पहुंचे
मंगलवार देर शाम को हरियाणा राज्य के अरुण पुत्र अतर सिंह, सचिन पुत्र जगदीश, रजनीश पुत्र रमेश व अनिल पुत्र प्रकाश सिंह, निवासी ग्राम जठेड़ी, थाना राई, जिला सोनीपथ और अरुणा पुत्री रामानंद निवासी समस्तीपुर, थाना सिका काॅलौनी अपने वाहन से पर्यटक स्थल चोपता की सैर कर वापस ऊखीमठ की तरफ लौट रहे थे।
सल्फी लेते हुए गहरी खाई में गिरा
कंथा नामक जगह पर पहुंचने के बाद सभी लोग वाहन से उतरे और सड़क किनारे मोबाइल व कैमरा से फोटाग्राफी करने लगे। इस दौरान अनिल पुत्र प्रकाश सिंह मोबाइल से सेल्फी लेते हुए अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। साथ उनके चिल्लाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी।
थानाध्यक्ष रवींद्र कौशल मय फोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एसडीआरएफ के रेस्क्यू दल के साथ देर रात तक खाई में पर्यटक की खोजबीन की। लेकिन संकरी खाई व अंंधेरा होने के कारण पता नहीं लग पाया। बुधवार को सुबह पुन: रेस्क्यू शुरू किया गया। सुबह सड़क से लगभग 800 मीटर नीचे गहरी खाई से मृतक पर्यटक का शव बरामद किया गया।
रस्सों के सहारे शव को सड़क तक पहुंचाया गया। जहां पर पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेज दिया है। थानाध्यक्ष रवींद्र कौशल ने बताया कि घटना की सूचना पर मृतक के परिजन भी पहुंच चुके थे। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि बर्फबारी का आनंद लेने के लिए दो दिन पूर्व ये पर्यटक चोपता पहुंचे थे।