पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लोक लुभावन वादों से चुनावी पिच तैयार कर रहे हैं। खास तौर पर हरिद्वार में हरदा न केवल खुद चुनाव लड़ सकते हैं बल्कि उनके बेटे और बेटी भी कई सीटों पर सक्रिय नजर आ रहे हैं। बुधवार को उन्होंने फ्री बिजली, गैस सिलिंडर पर सब्सिडी और पेट्रोल के दाम कम करने वादा कर लोगों को साधा।
गन्ना मूल्य घोषित करने और भुगतान कराने की मांग को लेकर क्षेत्र में पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत ने अपने संबोधन में लोगों से जुड़े मुद्दों को छुआ। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गैस सिलिंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। हिमाचल की जनता ने चार सीट हराई तो तेल के भाव भाजपा को कम करने पड़े।
उत्तराखंड में जनता ने यदि 50 सीट हरा दी तो तेल, गैस के दाम आधे हो जाएंगे। कांग्रेस सत्ता में आई तो गैस सिलिंडर पर महिलाओं के खाते में दो सौ रुपये की सब्सिडी भेजेगी। 100 यूनिट फ्री देंगे और दूसरे साल दो सौ यूनिट बिजली की फ्री करेंगे।
मिल प्रबंधन के बजाय सरकार पर किया हमला
इकबालपुर शुगर मिल पर किसानों का गन्ना सत्र 2017-18 और 2018-19 करीब डेढ़ सौ करोड़ रुपये बकाया चल रहा है। करीब चार साल से किसान अपने ही पैसे लेने के लिए मिल का मुंह ताक रहे हैं। पूर्व सीएम हरीश रावत ने कार्यक्रम में बकाया भुगतान का मुद्दा तो उठाया, लेकिन उन्होंने मिल पर दोषारोपण करने से ज्यादा सरकार की नाकामी पर फोकस किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जव वे सत्ता में थे तो मिलों को किसी न किसी मद में राहत देते थे, ताकि मिलें किसानों को समय पर भुगतान कर सकें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आएगी तो फंड की व्यवस्था कर किसानों का बकाया दिलाया जाएगा।