उत्तराखंड कांग्रेस का तीन दिवसीय विचार मंथन शिविर तीर्थनगरी ऋषिकेश में शुरू हो गया। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण इस शिविर में प्रदेश के दिग्गज नेताओं ने पहले दिन मिनट-दर-मिनट विचार मंथन कर पार्टी की रणनीति बनाने पर जोर दिया। कोर कमेटी की बैठक के साथ शुरू हुए शिविर में प्रदेश प्रभारी और कोर कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने समिति सदस्यों को केंद्रीय संगठन की ओर से जारी दिशा-निर्देश की जानकारी दी।
देहरादून रोड स्थित एक होटल में आयोजित विचार मंथन शिविर के पहले दिन प्रथम सत्र में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने तीन दिन तक चलने वाले मंथन शिविर के एजेंडे को विभिन्न समितियों के सम्मुख रखा। बंद कमरे में सुबह 10 बजे शुरू हुआ बैठकों का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा है। सबसे पहले चुनाव प्रचार समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसके बाद करीब साढ़े 11 बजे प्रशिक्षण कमेटी की बैठक हुई। दोपहर एक बजे पब्लिसिटी कमेटी की बैठक बुलाई गई। भोजनावकाश के बाद शाम चार बजे चुनाव आउटरीच कमेटी की बैठक हुई। इसके बाद शाम साढ़े बजे मीडिया कमेटी के सुझावों पर चर्चा की गई। शाम साढ़े सात बजे समस्त समितियों के अध्यक्षों के साथ अलग से चर्चा सत्र चला।
पार्टी प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने बताया कि समिति के सदस्यों ने लिखित और मौखिक रूप से अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रदेश कांग्रेस संगठन की ओर से जितनी भी समितियां गठित की गई हैं, सभी समितियों की बैठक अगले दो तीन दिन और आयोजित की जाएगी। तीसरे और आखिरी दिन अंतिम सत्र में सभी समितियों से आए विचार और सुझावों की समीक्षा करने के बाद ही कांग्रेस का आगामी चुनाव प्रचार मैप तैयार किया जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस विचार मंथन शिविर की शुरुआत बेहतर हुई है। समितियों के साथ बैठक का जो समय तय किया गया है, बैठकें उससे लंबी चल रही हैं। तमाम समितियों की ओर से सुझाव प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई की मंथन शिविर से कांग्रेस एक ऐसा रोड मैप तैयार कर पाएगी, जिस पर चलकर हम राज्य में सत्तासीन भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने में कामयाब होंगे।
बैठक में सह प्रभारी राजेश धर्माणी, दीपिका पांडे, कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. जीत राम, भुवन कापड़ी, तिलक राज बेहड़, रंजीत रावत सह प्रभारी राजेश धर्माणी, दीपिका पांडे, कावत, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, सांसद प्रदीप टम्टा, विधायक काजी निजामुद्दीन, उपनेता प्रतिपक्ष करण माहरा, प्रकाश जोशी, नवप्रभात, मयूख महर, मनीष खंडूरी, आदेश चौहान, राजेंद्र भंडारी, ममता राकेश, आर्येद्र शर्मा, शूरवीर सिंह सजवाण, नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, प्रदेश महामंत्री राजपाल खरोला, एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला, डॉ. केएस राणा, महिला जिलाध्यक्ष मधु सेमवाल, ब्लाक अध्यक्ष ऋषिकेश बरफ सिंह पोखरियाल, नंद किशोर जाटव, मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, गरिमा दसौनी, राजेश चमोली आदि मौजूद थे।