कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राहुल गांधी पर भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनकी भाषा भाजपा की विचारधारा को दर्शाती है। उन्होंने भाजपा को तोड़ने वाली मानसिकता की पार्टी बताया।
सोमवार को गोपेश्वर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता में कहा कि दुष्यंत कुमार गौतम को न तो इतिहास का पता है न वे वर्तमान से वाकिफ हैं। राहुल गांधी के परिवार से दो लोगों ने देश के लिए कुर्बानी दी है। उनके खिलाफ ऐसी बयानबाजी की कांग्रेस घोर निंदा करती है। कहा कि दुष्यंत कुमार ने फूहड़ता की सारी हदें लांघ दी हैं।
गोपेश्वर पहुंचते ही गणेश गोदियाल सबसे पहले जिला चिकित्सालय पहुंचे और गैरसैंण स्थायी राजधानी के लिए नौ दिनों से अनशन कर रहे प्रवीण सिंह काशी से मुलाकात की और जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य आंदोलनकारियों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गैरसैंण में स्थायी राजधानी पर सरकार बनने पर उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिर्फ चार दिन का सत्र चलाने से ग्रीष्मकालीन राजधानी नहीं हो जाती। विधायक और मंत्री हेलीकॉप्टर से आते हैं और चार दिन रहकर वापस चले जाते हैं।
कांग्रेस से भाजपा में गए नेताओं की वापसी की चर्चाओं पर गोदियाल ने कहा कि भाजपा को अपने ही लोगों पर भरोसा नहीं रहा। उनके आपसी संबंध ठीक नहीं हैं, इसीलिए वह अपने नेताओं पर संदेह कर रही है। गोदियाल ने जिला पंचायत सभागार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेेंद्र भंडारी, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, जिला मुख्य प्रवक्ता विकास जुगरान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए कहे गए अपशब्दों के विरोध में महानगर कांग्रेस ने भाजपा प्रभारी दुष्यंत गौतम का पुतला दहन किया। कांग्रेस ने इसे भाजपा नेताओं के मानसिक दिवालियापन करार दिया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को राजीव भवन से एस्लेहॉल चौक तक जुलूस निकालकर भाजपा प्रदेश प्रभारी के शब्दों की कड़ी निंदा की। एस्लेहॉल चौक पर नारेबाजी करते हुए कांग्रेसियों ने दुष्यंत गौतम का पुतला फूंका। महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि गलत भाषा का इस्तेेमाल भारतीय जनता पार्टी के प्रभारी दुष्यंत गौतम की मानसिकता और भाजपा की संस्कृति उजागर करती है।
कांग्रेस पार्टी की अगुवाई में देश की आजादी की लड़ाई लड़ी गई और नेताओं ने भारत की एकता व अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। खासकर गांधी परिवार जिसके दोनों मां-बेटे इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपने प्रधानमंत्री काल में प्राणों की आहुति दे दी। आधुनिक भारत की बुनियाद का श्रेय राजीव गांधी को ही जाता है। लालचंद शर्मा ने कहा कि वर्तमान में कांग्रेस के नेताओं को अपशब्द कहना ही भाजपा की संस्कृति बन चुकी है। इस मौके पर पूर्व विधायक राजकुुमार, पीयूष गौड़, दीप बोहरा, नवीन जोशी, मीना रावत, मंजुला तोमर, रीता रानी, अमृता कौशल, शान्ति रावत, सावित्री थापा, मनीष नागपाल आदि मौजूद रहे।
पुतला दहन के दौरान नेताओं में विवाद
देहरादून। एस्लेहॉल पर भाजपा प्रदेश प्रभारी के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के कुछ नेताओं में विवाद हो गया। पुतला दहन के दौरान धक्कामुक्की के चलते कांग्रेस प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, वरिष्ठ नेता मनीष नागपाल आदि नेताओं में जुबानी जंग हुई। हालांकि, बाद में इन नेताओं ने कहा कि उनके बीच किसी तरह का मनमुटाव नहीं है। गलतफहमी में मामूली विवाद हो गया था।