फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरिद्वार: सीएम धामी ने किया गंगा पूजन, कहा- काम करने के लिए एक दिन भी बहुत

Wed, 07 Jul 2021 03:08 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

सार

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि काम करने के लिए समय कम और ज्यादा होना मायने नहीं रखता है। काम करने के लिए एक दिन भी काफी होता है। 
विज्ञापन
सीएम पुष्कर सिंह धामी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद पुष्कर सिंह धामी पहली बार बुधवार को धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे। मुख्यमंत्री ने हरकी पैड़ी पर मां गंगा का पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार अपराह्न में कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के साथ हरिद्वार पहुंचे। मुख्यमंत्री ने हरकी पैड़ी पर विधि विधान से मां गंगा का पूजन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि मां गंगा हमारी मोक्ष और जीवनदानी है। 

उत्तराखंड: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का दून दौरा टला, अब इस महीने के आखिर में आने की संभावना
विज्ञापन


आस्था, श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है। गंगा हमारे जीवन का आधार भी है। जब भी हम अच्छे काम के लिए निकलते और संकल्प लेते हैं तो मां गंगा का ही स्मरण करते हैं। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें उत्तराखंड के मुख्य सेवक के रूप में काम सौंपा है। इसके लिए मां गंगा का पूजन और संतों का आशीर्वाद लेकर आगे बढ़ेंगे। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि बार-बार एक ही बात आ रही है उनके लिए काम करने का समय कम है।

उन्होंने कहा काम करने के लिए एक दिन ही काफी होता है। जितना भी समय है उसमें क्वालिटी देने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास में सफल होंगे। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाएंगे। देवस्थानम बोर्ड के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो फैसला पहले वालों का था वही मत उनका भी रहेगा। 

कांवड़ यात्रा को लेकर बृहस्पतिवार को होगी बैठक

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में सावन माह में कांवड़ यात्रा शुरू करने के सवाल पर कहा कि आज बृहस्पतिवार को बैठक होनी है। बैठक के बाद क्या स्थितियां बनती हैं देखा जाएगा। लेकिन आश्वास्त किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार से निराश नहीं होना पड़ेगा। धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सरकार के बीच का मामला है। इस मामले में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से दो बार वार्ता भी हो चुकी है। 

तीसरी लहर से निपटने को तैयार हैं
सीएम धामी ने कहा कि कोविड की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए प्रदेश तैयार है। एक-दो दिन में तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। चारधाम यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू करवाना उनकी प्राथमिकता है। कोविड का कठिन दौर है, लेकिन श्रद्धालुओं की भावनाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

जननेता हैं अजय भट्ट
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल लोकसभा सीट से सांसद अजय भट्ट के मोदी मंत्रिमंडल में शामिल होने पर बधाइयां दी। उन्होंने कहा कि अजय भट्ट जननेता हैं। केंद्रीय मंत्री बनने से प्रदेश की जनता को लाभ मिलेगा और विकास में तेजी आएगी।

ढोल नगाड़ों और आतिशबाजी से सीएम का स्वागत
हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बुधवार को कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों और आतिशबाजी कर जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जिलेभर से कार्यकर्ता दोपहर से जगह-जगह एकत्र हो गए थे। कार्यकर्ताओं ने हाईवे स्थित राठी चौक पर सबसे पहले स्वागत किया। इसके बाद खड़खड़ी और कई जगहों पर स्वागत हुआ। खड़खड़ी में वैदिक मोहन आश्रम में जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल चौहान और पूर्व जिला मंत्री राजीव भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। पूर्व राज्य मंत्री संजय सहगल, विधायक संजय गुप्ता, सुनील सैनी, दीपक उप्रेती, मास्टर सतीश चंद शर्मा, अमित शर्मा, दिनेश जोशी, डॉक्टर प्रेम प्रकाश, विवेक उनियाल, राधे किशन, अनिरुद्ध भाटी, अनिल मिश्रा, अनिल वशिष्ठ आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी, भाजपा मध्य हरिद्वार मंडल अध्यक्ष राजकुमार अरोड़ा, जिला महामंत्री विकास तिवारी, आदेश सैनी, कनखल मंडल अध्यक्ष मयंक गुप्ता, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री अनु कक्कड़, वीरेंद्र तिवारी आदि ने भी सीएम का स्वागत किया। पथरी क्षेत्र से सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मुख्यमंत्री धामी का स्वागत करने हरिद्वार पहुंचे। उत्तर मंडल अध्यक्ष विकास कुमार एवं दक्षिण मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ता ढोल नगाड़ों के साथ हरिद्वार पहुंचे। 
विज्ञापन

रामायण से प्रेरणा लें मुख्यमंत्री : शंकराचार्य 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में संतों से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। कनखल स्थित दक्ष मंदिर में पूजा-अर्चना की। हरिहर आश्रम में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि और जगद्गुरु आश्रम में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर शंकराचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रामायण से प्रेरणा लेकर देवभूमि का विकास करें।

सीएम पुष्कर सिंह धामी बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ चौहान, विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, प्रदीप बत्रा, गोविंद सिंह बिष्ट, विनोद कंडारी के साथ संतों से मिले। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने कहा कि विश्व का कल्याण तभी संभव है, जब भगवान राम के आदर्शों पर चला जाए। मुख्यमंत्री को रामायण भेंट करते हुए शंकराचार्य ने देवभूमि का विकास मानस के आधार पर करने की सलाह दी। शारदा पीठाधीश्वर स्वामी राजराजेश्वराश्रम ने कहा कि उत्तराखंड की पावन भूमि भव्य देवालयों से भरी हुई है। इस भूमि पर तीर्थाटन का व्यापक महत्व है। यहां पवित्र धाम हैं। हरिद्वार जैसा तीर्थ है और इसी भूमि से गंगा-यमुना निकली हैं। उत्तराखंड का समूचा क्षेत्र संस्कृति का जन्मदाता है। उन्होंने कहा कि भगवान के चरण चिह्नों से आच्छादित भूमि का विकास अवश्य किया जाए, लेकिन सांस्कृतिक मूल्यों से छेड़छाड़ न की जाए।

इसके बाद सीएम ने शांतिकुंज पहुंचकर डॉ. प्रणव पंड्या से भेंट की। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी में मुख्यमंत्री ने आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि और श्रीमहंत रविंद्रपुरी से भी मुलाकात की। आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि और श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी बेहतर नेतृत्व करते हुए प्रदेश को बुलंदी पर ले जाने का कार्य करेंगे। इस अवसर पर श्रीमहंत रामरतन गिरि, दिगंबर बलवीर पुरी, दिगंबर महेश गिरि, दिगंबर अनुज पुरी, दिगंबर आशुतोष पुरी, नितेश पुरी, राकेश गिरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल मिश्रा मौजूद रहे। संत मंडल आश्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भव्य स्वागत हुआ। श्रीश्री 1008 स्वामी राम मुनि के नेतृत्व में सीएम का फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया। 

दो दशक बाद मिला दूरदर्शी सीएम : रामदेव 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योग गुरु स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण से भी भेंट की। स्वामी रामदेव ने कहा कि दो दशक बाद उत्तराखंड को तेजस्वी, पराक्रमी, चरित्रवान और दूरदर्शी मुख्यमंत्री के रूप में धामी मिले हैं। विश्वास है धामी के नेतृत्व में देवभूमि में देवत्व की रक्षा करते हुए संस्कार एवं संस्कृति के नए सोपान गढ़े जाएंगे। प्रदेश के विकास और आगामी चुनाव में धामी सफल होंगे। जनता और पार्टी नेतृत्व की आशाओं पर खरा उतरेंगे। 

‘देश के लिए मंगलकारी होगा मंत्रिमंडल’
स्वामी रामदेव ने केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूरदर्शी नेता हैं। सभी वर्गों और प्रांतों को प्रतिनिधित्व देकर उन्होंने सबका विकास, सबका साथ, सबका विश्वास के अनुरूप मंत्रिमंडल का विस्तार किया है। मंत्रिमंडल देश के लिए मंगलकारी होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें