उद्योगपतियों के लिए राह आसान की
सीएम धामी ने बताया कि उन्होंने सबसे पहले अपने प्रदेश के उद्योगपतियों से वार्ता की। उनकी समस्याएं सुनी, समझी। इसी हिसाब से 27 नई नीतियां बनाई। कई नीतियों में संशोधन किया गया। ताकि उद्योगपतियों को किसी तरह की परेशानी न आए। निवेश के लिए प्रदेश में 7000 एकड़ लैंडबैंक उपलब्ध है। भूमि की कोई परेशानी नहीं होगी।
निवेश के लिए सरकार का इन क्षेत्रों पर फोकस
वैश्विक निवेशक सम्मेलन के लिए प्रदेश सरकार ने निवेश के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में प्राथमिकता दी है। इसमें पर्यटन एवं वेलनेस, आयुष, स्वास्थ्य एवं शिक्षा, कृषि एवं बागवानी, विनिर्माण, ऊर्जा, अवस्थापना, लॉजिस्टिक और आईटी शामिल हैं। अब तक सरकार तीन लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव पर करार कर चुकी है। सेवा क्षेत्र के साथ विनिर्माण उद्योगों में निवेश से राज्य में रोजगार के नये अवसर भी मिलेंगे।
उत्तराखंड की लोक संस्कृति से रूबरू होंगे निवेशक
वैश्विक निवेशक सम्मेलन में देश दुनिया से आने वाले निवेशक उत्तराखंड की लोक संस्कृति से रूबरू होंगे। सम्मेलन का आगाज पारंपारिक मांगल गीत से होगा। इसके अलावा उत्तराखंड की संस्कृति पर आधार पर कार्यक्रम प्रस्तुत होंगे। आठ दिसंबर को नींबूवाला स्थित हिमालयन संस्कृति केंद्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा।