वहीं कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर निशाना साधा कि यदि वह दो विधानसभा सीटों से चुनाव हारते तो फिर चुनाव नहीं लड़ते। उन्होंने कहा कि ये तो हरीश भाई का ही दम है कि वह अब भी मैदान में हैं।
बृहस्पतिवार को हरक सिंह रावत ने मीडिया कर्मियों से बातचीत में कहा, मेरी हरीश रावत के प्रति हमदर्दी है। हरीश रावत बहुत तेज हैं और सुर्खियों में बने रहने के लिए कुछ न कुछ बयान देते रहते हैं। उन्होंने कहा कि चर्चा, पर्चा और खर्चा से राजनीति जिंदा रहती है। हरीश रावत ये बातें इसलिए करते हैं कि राजनीति में चर्चा होती रहे। वह जानबूझकर ऐसा करते हैं।
वो कोई बात कहें और हम उस पर कोई प्रतिक्रिया (रिएक्शन) दिखाएं। उस पर वह फिर कोई प्रतिक्रिया करेंष वह यह खेल बहुत चालाकी से खेलते हैं। हरक सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री पर 2017 की विधानसभा चुनाव की हार को लेकर भी तंज किया। उन्होंने कहा कि हरीश रावत दो विधानसभा सीटों से चुनाव हारे। मैं दो सीटों से चुनाव हारता दो चुनाव नहीं लड़ता। ये तो हरीश भाई का ही दम है। भगवान कसम मैं तो हाथ ही जोड़ लेता।