राहुल गांधी से मुलाकात और अपनी बात रखने के बाद राज्य के नेताओं की संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ बैठक हुई। बैठक में वेणुगोपाल ने मिलजुल कर चुनाव जीतने की रणनीति बनाने की बात कही। इसी दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने महासचिव संगठन से आपत्ति जताई कि उन्हें काम नहीं करने दिया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार इसी बैठक में गोदियाल ने यहां तक कह दिया कि अगर उन्हें फैसले लेने का अधिकार नहीं दिया जाएगा तो वे इस्तीफा सौंपने को तैयार हैं। इस पर वेणुगोपाल ने उन्हें भरोसा दिलाया और अन्य नेताओं ने भी हस्तक्षेप कर शांत किया। हालांकि अमर उजाला से बातचीत में गोदियाल ने कहा कि मैंने इस्तीफा देने से संबंधित कोई भी बात नहीं की।
मैंने पहले ही कहा था कि एक-दो दिन रूक जाइए, इस पूरे घटनाक्रम के सुखद परिणाम सामने आएंगे। हरीश रावत को चुनाव कैंपेन में फ्रीहेंड दिया गया है। सभी लोग उनका सहयोग करेेंगे। जहां तक संगठन स्तर की बात है तो इस बारे में भी चर्चा हुई है, बहुत जल्दी संगठन स्तर पर बड़े बदलाव किए जाएंगे। हम हरीश रावत के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगे और उत्तराखंड में जीत दर्ज करेंगे। जहां तक मेरे इस्तीफा दिए जाने की बात है, मैंने ऐसी कोई बात नहीं कही है।
- गणेश गोदियाल, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस पार्टी